भारत ने शार्दुल ठाकुर (तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद संजू सैमसन (43 रन) और शिखर धवन (33 रन) के योगदानों की बदौलत ज़िम्बाब्वे को दूसरे एकदिवसीय मैच में शनिवार को पांच विकेट से मात देकर शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की।
जिबाब्वे ने भारत को 50 ओवर में 162 रन का न्यून लक्ष्य दिया था, जिसे केएल राहुल की टीम ने 25.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।
भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और तेज़ गेंदबाज़ों ने ऊपरी क्रम को बिना समय व्यर्थ किये पवेलियन लौटाया। ठाकुर ने जहां इनोसेंट काइया (16) और कप्तान रेगिस चकाब्वा (2) का विकेट लिया, वहीं मोहम्मद सिराज ने टी काइटानो (7) और प्रसिद्ध कृष्णा ने वेस्ले माधेवेरे (2) को आउट किया।
सिकंदर रज़ा और सीन विलियम्स के बीच पांचवें विकेट के लिये साझेदारी पनप रही थी, लेकिन कुलदीप यादव ने रज़ा (16) को आउट करके इसपर विराम लगाया।
ज़िम्बाब्वे की आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद विलियम्स ने रायन बर्ल के साथ मिलकर पारी को संभालना चाहा, लेकिन वे नाकाम रहे और टीम 161 पर ऑल आउट हो गयी। विलियम्स ने 42 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की बदौलत 42 रन बनाये, जबकि बर्ल 47 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के के साथ 39 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारतीय टीम में दीपक चाहर की जगह आये शार्दुल ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात ओवर में 38 रन देकर तीन विकेट लिये। मोहम्मद सिराज ने किफायती गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए आठ ओवर में मात्र 16 रन दिये और एक विकेट झटका। दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल, कृष्णा और यादव को भी एक-एक विकेट हासिल हुआ।