केपटाउन, 12 मई। दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाज शबनीम इस्माइल (Shabnim Ismail) ने तीन साल बाद संन्यास से वापसी कर ली है। वर्ष 2023 में जब उन्होंने अपने संन्यास की घोषणा की थी, तो ऐसा लगा था कि दक्षिण अफ्रीका की सबसे महान तेज गेंदबाजी कैरियर में से एक का अंत हो गया है।
लगभग तीन साल बाद प्रोटियाज की यह तेज गेंदबाज एक बार फिर से वापसी कर रही है। शबनीम इस्माइल को आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में भाग लेने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम में शामिल किया गया है। आईसीसी के अनुसार 37 वर्षीया इस्माइल जो वनडे और टी20 इंटरनेशनल में दक्षिण अफ्रीका की सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज़ हैं, एक स्पष्ट लक्ष्य के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रही हैं।
इस्माइल का एक मात्र लक्ष्य है अपनी टीम को आखिरकार एक वैश्विक ट्रॉफी जिताने में मदद करना, क्योंकि 2023 और 2024 के आईसीसी महिला टी20 विश्व कप और 2025 के आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के फाइनल में टीम चूक गई थी।
इस्माइल ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि शब्दों में यह बताया जा सकता है कि प्रोटिया बैज (प्रतीक चिन्ह) को फिर से पहनना, अपने देश के लिए खेलना और यह जानना कैसा लगता है कि लाखों लोग आपको देख रहे हैं। मैं हमेशा कहती हूँ कि इस बैज के लिए खेलना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। इसलिए मैं इस बैज को फिर से पहनकर बहुत खुश हूं।
इस्माइल ने माना कि वापसी करना उनकी योजना का हिस्सा कभी नहीं था, लेकिन अपने करीबी लोगों से बातचीत और मुख्य कोच मंडला माशिम्बी के प्रोत्साहन ने धीरे-धीरे उनकी सोच बदल दी। उन्होंने कहा कि फैसला लेने के लिए अपना समय लो। मैं तुम्हें खेलने के लिए मजबूर नहीं कर रहा हूं, लेकिन मुझे सच में तुम्हारी ज़रूरत है और मैं चाहता हूं कि तुम वापस आओ और हमें विश्व कप जिताने में मदद करो।
इस संदेश ने इस्माइल के दिल को गहराई से छुआ। उनका कहना है कि उनकी वापसी किसी बात को साबित करने के लिए नहीं है, बल्कि किसी बड़े उद्देश्य में योगदान देने के लिए है। मैं सबसे पहले इसलिए वापस आ रही हूं कि क्योंकि मुझे क्रिकेट खेलने की बहुत याद आती है। मुझे उच्चतम स्तर पर खेलने की, और ज़ाहिर है, बैज पहनकर मैदान में उतरने और प्रदर्शन करने की बहुत याद आती है।
उन्होंने कहा कि मैं बहुत कड़ी मेहनत करने वाली खिलाड़ी हूं। मैं आज भी वैसी ही हूं जैसी पहले थी। मैं कभी नहीं बदलती। मैं बस मैदान में उतरकर अपना स्वाभाविक खेल खेलना चाहती हूं और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं दक्षिण अफ्रीका के लिए फिर से खेलते हुए विश्व कप जिताने में मदद करना चाहती हूं। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए सोने पर सुहागा जैसा होगा।