पटना, 14 जून। बिहार ओलंपिक संघ ने एक नई पहल शुरू की है। अब हर वर्ष ओलंपिक डे यानी 23 जून को खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजित करेगा। इसी कड़ी में इस वर्ष से इसकी शुरुआत की जा रही है। इस सम्मान समारोह में सत्र 2025-26 के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जायेगा।
बिहार ओलंपिक संघ की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि महिला व पुरुष वर्ग में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया जायेगा। साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्लेयरों को सम्मानित किया जायेगा।
इसके लिए बिहार ओलंपिक संघ ने आवेदन मांगे हैं। बिहार ओलंपिक संघ द्वारा जारी सूचना के अनुसार केवल वे खिलाड़ी आवेदन करने के पात्र होंगे जिन्होंने 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व किया हो तथा उनका खेल भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) से संबद्ध राष्ट्रीय महासंघ के अंतर्गत आता हो।
संघ ने स्पष्ट किया है कि पुरस्कार के लिए चयन उक्त अवधि के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा। यदि दो या अधिक खिलाड़ियों की उपलब्धियां समान पाई जाती हैं तो चयन के लिए पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन को भी आधार बनाया जाएगा।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। इच्छुक खिलाड़ियों को निर्धारित आवेदन प्रपत्र के साथ अपने सभी उपलब्धि प्रमाणपत्रों की छायाप्रति संलग्न कर संबंधित राज्य खेल संघ के माध्यम से आवेदन जमा करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जून 2026 (गुरुवार) निर्धारित की गई है।
बिहार ओलंपिक संघ ने कहा है कि आवेदन ई-मेल biharolympicassociation@gmail.com पर भी भेजे जा सकते हैं। अपूर्ण आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे तथा डाक अथवा अन्य कारणों से होने वाली देरी के लिए संघ उत्तरदायी नहीं होगा।
संघ के अनुसार वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (महिला) एवं वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (पुरुष) पुरस्कार 2025-26 के विजेताओं की घोषणा ओलंपिक दिवस की पूर्व संध्या पर की जाएगी।