Thursday, June 11, 2026
Home झारखंड 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता 18 दिसंबर से रांची में

69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता 18 दिसंबर से रांची में

प्रतियोगिता की सारी तैयारियां पूरी, टीमों का आगमन शुरू

by Khel Dhaba
0 comment
बीआईटी मेसरा स्टेडियम में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेती खिलाड़ी

रांची, 17 दिसंबर। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की मेजबानी में 69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) का शुभारंभ 18 दिसंबर यानी गुरुवार को किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता बीआईटी मेसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।

इस प्रतियोगिता में देश के 39 राज्यों एवं इकाइयों से कुल 1166 फुटबॉल खिलाड़ी एवं 155 कोच व मैनेजर भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता अंडर-14 एवं अंडर-17 बालिका वर्ग में आयोजित की जा रही है, जो खेल के क्षेत्र में बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन गुरुवार को प्रातः 11:00 बजे झारखंड सरकार के खेल मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा बीआईटी मेसरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित फुटबॉल मैदान में किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों का आगमन 16 दिसंबर से ही प्रारंभ हो चुका है। सभी खिलाड़ियों, कोचों एवं मैनेजरों के लिए आवासन, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि वे पूरी एकाग्रता के साथ प्रतियोगिता में भाग ले सकें।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का झारखंड आगमन पर रेलवे स्टेशनों पर पारंपरिक झारखंडी पाड़िया गमछा ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया जा रहा है, जिससे अतिथियों को राज्य की संस्कृति और आतिथ्य परंपरा का अनुभव मिल रहा है।

यह प्रतियोगिता 18 दिसंबर से 22 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सभी प्रशासनिक, तकनीकी एवं खेल संबंधी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

यह आयोजन झारखंड को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने के साथ-साथ देशभर की उभरती बालिका फुटबॉल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.