8 से 20 जून तक पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित किया जा रहा है बच्चों के लिए समर कैम्प
पटना, 8 जून। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बीएसएसए) की ओर से गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को खेलों से जोड़ने और उनकी शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 8 से 20 जून तक विशेष समर कैंप का आयोजन किया गया है। यह कैंप पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कंकड़बाग में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 7 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे और बच्चियां भाग ले रह हैं।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण करण शंकरण ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों का अधिक समय मोबाइल और टीवी पर बीतता है। ऐसे में उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ने और खेलों की बुनियादी जानकारी देने के उद्देश्य से इस समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
खेल गतिविधियों के प्रति बच्चों की उत्सुकता और अभिरुचि इस बात से स्पष्ट हो रही है कि ऑन लाइन और ऑफ लाइन तरीके से 1000 से ज्यादा बच्चों ने इस समर कैंप के लिए रजिस्ट्रेशन कराया और आज सुबह काफी संख्या में बच्चों ने इस कैंप में हिस्सा लिया।
आगे श्री शंकरण ने कहा कि समर कैंप का आयोजन प्रतिदिन दो सत्रों में किया जाएगा। पहला सत्र सुबह 6 बजे से 8 बजे तक और दूसरा सत्र शाम 6:30 बजे से 8 बजे तक चलेगा। कैंप के दौरान बच्चों को बेसिक एक्सरसाइज, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग तथा विभिन्न खेलों की शुरुआती जानकारी दी जाएगी।
कैंप में बच्चों को फुटबॉल की बेसिक ड्रिब्लिंग, बास्केटबॉल की मूल तकनीकों के साथ-साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स के तहत वॉल क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अलावा आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट्स और ताइक्वांडो की बुनियादी तकनीकों से भी परिचित कराया जाएगा।
बच्चों की रुचि बढ़ाने के लिए खेल आधारित क्विज प्रतियोगिताएं और अन्य मनोरंजक खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रशिक्षित प्रशिक्षकों की निगरानी में बच्चों को विभिन्न खेलों से परिचित कराया जाएगा। समर कैंप में भाग लेने वाले सभी बच्चों को टी-शर्ट, रिफ्रेशमेंट और सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।