रांची, 2 अप्रैल। खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 31 पदक अपने नाम किए। राज्य ने 14 स्वर्ण, 6 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा साबित किया।
एथलेटिक्स में झारखंड बना ओवरऑल चैंपियन
झारखंड की महिला एथलेटिक्स टीम ने 6 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर ओवरऑल विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं पुरुष टीम 3 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक के साथ उपविजेता रही। एथलेटिक्स में झारखंड ने कुल 9 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य सहित 17 पदक जीतकर देश में सबसे ज्यादा सफलता हासिल की।
अंतिम दिन भी झारखंड का जलवा
प्रतियोगिता के अंतिम दिन भी झारखंड के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 4 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य पदक अपने नाम किए। पुरुष 200 मीटर में शिव कुमार सोरेन (21.51 सेकेंड), महिला लंबी कूद में प्रीति लकड़ा (5.54 मीटर), महिला 4×400 मीटर रिले टीम और पुरुष 1500 मीटर में राहुल उरांव ने स्वर्ण पदक जीते। महिला 200 मीटर में अनामिका उरांव ने रजत पदक हासिल किया, जबकि पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम ने कांस्य पदक जीता।
फुटबॉल और हॉकी में रजत पदक
महिला फुटबॉल टीम को फाइनल में मेजबान छत्तीसगढ़ से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं पुरुष हॉकी टीम भी फाइनल में उड़ीसा के खिलाफ हारकर रजत पदक जीतने में सफल रही।
तीरंदाजी में भी शानदार प्रदर्शन
झारखंड ने तीरंदाजी में भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक जीते। रिकर्व मिक्स टीम (कोमालिका बारी और कृष्णा पिगुआ) ने स्वर्ण पदक जीता। मेघा बेसरा ने कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया, जबकि कंपाउंड महिला टीम और मिक्स टीम ने कांस्य पदक जीते।
कबड्डी और मल्लखंब में भी सफलता
कबड्डी प्रदर्शनी मुकाबलों में झारखंड महिला टीम ने रजत और पुरुष टीम ने कांस्य पदक जीता। मल्लखंब प्रदर्शनी मैच में झारखंड पुरुष टीम ने ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया।
खिलाड़ियों को मिली बधाई
झारखंड के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम सहित कई अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी।
झारखंड का कुल प्रदर्शन
स्वर्ण – 14
रजत – 6
कांस्य – 11
कुल पदक – 31