रांची, 18 जुलाई। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में आयोजित 64वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों का फाइनल लाइन अप तय हो गया है। अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में संथाल प्रमंडल का मुकाबला दक्षिणी छोटानागपुर से होगा। अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में दक्षिणी छोटानागपुर और उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल की टीमें आमने-सामने होंगी। अंडर-17 बालक वर्ग में खिताबी भिड़ंत संथाल प्रमंडल बनाम उत्तरी छोटानागपुर के बीच होगा।
तीसरे दिन शु्क्रवार यानी 18 जुलाई को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। बीआईटी मेसरा कैंपस स्थित मैदान में हुए इन रोमांचक मैचों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता में उत्तरी व दक्षिणी छोटानागपुर और संथाल प्रमंडल के खिलाड़ियों का दबदबा तीसरे दिन भी बरकरार रहा। तीनों वर्गों– अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक और अंडर-17 बालिका – में सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न हुए, जिनका विवरण इस प्रकार है:
अंडर-15 बालक वर्ग
संथाल प्रमंडल ने कोल्हान प्रमंडल को 6-1 से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई।
दक्षिणी छोटानागपुर ने उत्तरी छोटानागपुर को कड़े मुकाबले में 1-0 से हराया।
अंडर-17 बालिका वर्ग
दक्षिणी छोटानागपुर ने कोल्हान प्रमंडल को एकतरफा मुकाबले में 14-0 से हराया।
उत्तरी छोटानागपुर ने संथाल प्रमंडल को 4-0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
अंडर-17 बालक वर्ग
संथाल प्रमंडल ने पलामू प्रमंडल को 4-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
उत्तरी छोटानागपुर ने कोल्हान प्रमंडल को 3-0 से हराया।
अब बारी फाइनल की
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले कल बीआईटी मेसरा परिसर के मैदान में खेले जाएंगे:
अंडर-15 बालक वर्ग: संथाल प्रमंडल बनाम दक्षिणी छोटानागपुर
अंडर-17 बालिका वर्ग: दक्षिणी छोटानागपुर बनाम उत्तरी छोटानागपुर
अंडर-17 बालक वर्ग: संथाल प्रमंडल बनाम उत्तरी छोटानागपुर
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के सहयोग से यह प्रतियोगिता लगातार तीसरे वर्ष सफलतापूर्वक आयोजित की जा रही है। इस आयोजन का उद्देश्य राज्य के छात्र-छात्राओं को खेल के क्षेत्र में प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर देना है।