Thursday, July 10, 2025
Home Slider world athletics championship : पाकिस्तानी खिलाड़ी को हराकर विश्व चैंपियन बने नीरज चोपड़ा

world athletics championship : पाकिस्तानी खिलाड़ी को हराकर विश्व चैंपियन बने नीरज चोपड़ा

by Khel Dhaba
0 comment

बुडापेस्ट। ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने फिर इतिहास रच दिया और विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए जिन्होंने पुरुषों की भालाफेंक स्पर्धा में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ यह उपलब्धि हासिल की।

भारत के किशोर जेना पांचवें स्थान पर रहे जिन्होंने अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 84.77 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका। वहीं डी पी मनु छठे स्थान पर रहे जिनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 84.14 मीटर का था। विश्व चैम्पियनशिप में यह पहली बार हुआ है कि शीर्ष आठ में तीन भारतीय रहे हों। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.82 मीटर के सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत और चेक गणराज्य के याकूब वालेश ने कांस्य पदक जीता जिनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 86.67 मीटर का था।

निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के बाद एक ही समय पर ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप जीतने वाले चोपड़ा दूसरे भारतीय बन गए। बिंद्रा ने 23 वर्ष की उम्र में विश्व चैम्पियनशिप और 25 वर्ष की उम्र में ओलंपिक स्वर्ण जीता था।


टोक्यो में 2021 ओलंपिक में एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले चोपड़ा पहले भारतीय बने। उन्होंने 2022 में यूजीन में विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था। उनसे पहले लंबी कूद में अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2003 में पेरिस विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था।

एक ही समय पर ओलंपिक और विश्व खिताब जीतने वाले वह तीसरे भालाफेंक खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले चेक गणराज्य के जान जेलेज्नी और नॉर्वे के आंद्रियास टी यह कारनामा कर चुके हैं। जेलेज्नी ने 1992, 1996 और 2000 में ओलंपिक खिताब जीते जबकि 1993, 1995 और 2001 में विश्व चैम्पियनशिप जीती थी।

आंद्रियास ने 2008 ओलंपिक और 2009 विश्व चैम्पियनशिप जीते थे। अब चोपड़ा के नाम खेल के सारे खिताब हो गए हैं। उन्होंने एशियाई खेल (2018), राष्ट्रमंडल खेल (2018) स्वर्ण के अलावा चार डायमंड लीग खिताब और पिछले साल डायमंड लीग चैम्पियन ट्रॉफी जीती। वह 2016 में जूनियर विश्व चैम्पियन रहे और 2017 में एशियाई चैम्पियनशिप खिताब जीता।

यह रहा छह राउंड का परिणाम

पहला राउंड: पहले राउंड में नीरज चोपड़ा कुछ खास नहीं कर सके हैं। उनके प्रयास को फाउल करार दिया गया। डीपी मनु ने 78.44 मीटर दूर भाला फेंका है। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 74.80 मीटर दूर थ्रो किया।

दूसरा राउंड: दूसरे राउंड में नीरज ने वापसी की और 88.17 मीटर दूर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल कर लिया है। दूसरे राउंड के समाप्त होने पर वह टॉप पर रहे। किशोर जेना ने 82.82 मीटर दूर भाला फेंका। वह पांचवें स्थान पर रहे। डीपी मनु 78.44 मीटर के स्कोर के साथ 10वें नंबर पर। अरशद नदीम चौथे स्थान पर। अरशद ने दूसरे राउंड में 82.81 मीटर दूर थ्रो फेंका।

तीसरा राउंड: नीरज चोपड़ा तीसरे राउंड में 86.32 मीटर दूर भाला फेंका। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.82 मीटर दूर, भारत के डीपी मनु ने 83.72 मीटर दूर भाला फेंका है। यह तीन राउंड में उनका सबसे बेहतर प्रदर्शन है। वहीं, किशोर जेना तीसरे राउंड में फेल हो गए। उनके थ्रो को फाउल करार दिया गया।

चौथा राउंड: चौथे राउंड में नीरज ने 84.64 मीटर दूर थ्रो फेंका है। डीपी मनु के थ्रो को फाउल करार दिया गया। किशोर जेना ने 80.19 मीटर दूर थ्रो फेंका। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.15 मीटर दूर भाला फेंका। चार राउंड के बाद नीरज पहले, अरशद दूसरे और जर्मनी के जूलियन वेबर तीसरे स्थान पर रहे।

पांचवां राउंड: नीरज ने पांचवें राउंड में 87.73 मीटर दूर भाला फेंका। किशोर जेना के पांचवें राउंड के थ्रो को फाउल करार दिया गया। वहीं, डीपी मनू ने पांचवें अटेम्प्ट में 83.48 मीटर का थ्रो फेंका।

छठा राउंड: छठे राउंड में नीरज ने 83.98 मीटर का थ्रो किया। वहीं, किशोर का छठा अटेम्प्ट फाउल रहा। डीपी मनू ने 84.14 मीटर का थ्रो किया। यह उनका अब तक का फाइनल में बेस्ट थ्रो रहा। छठे अटेम्प्ट के बाद नीरज ने डीपी मनू और किशोर जेना को गले लगाया और वह बेहद खुश नजर आए।

भारतीय पुरूष चार गुणा 400 मीटर रिले टीम पांचवें स्थान पर रही

एशियाई रिकॉर्ड तोड़ते हुए पहली बार विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली भारत की पुरुष चार गुणा 400 मीटर रिले टीम फाइनल में पांचवें स्थान पर रही। भारत के मोहम्मद अनस याहिया, अमोज जैकब, मोहम्मद अजमल वारियाथोडी और राजेश रमेश की चौकड़ी ने फाइनल में दो मिनट 59.92 सेकंड का समय निकाला। अमेरिकी टीम को स्वर्ण, फ्रांस को रजत और ब्रिटेन को कांस्य पदक मिला जबकि जमैका की टीम चौथे स्थान पर रही।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights