कटिहार, 28 मई। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में कटिहार जिला शतरंज संघ द्वारा 28 मई यानी गुरुवार से कटिहार के मॉफरगंज स्थित अग्रसेन भवन में बिहार राज्य अंडर 13 शतरंज प्रतियोगिता आरंभ हो गई।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रीमती उषा देवी अग्रवाल, महापौर, कटिहार ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री संजीव सुरेखा, कटिहार जिला शतरंज संघ के उपाध्यक्ष डॉ शंभू नाथ एवं गीत अविनाश, आयोजन सचिव प्रत्यूष कुमार एवं प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक नंदकिशोर उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में राज्य भर से तकरीबन 100 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं । प्रतियोगिता के बालक वर्ग में 19 रेटेड खिलाड़ियों समेत कल 69 खिलाड़ी जबकि बालिका वर्ग में सात रेटेड खिलाड़ियों समेत कुल 30 खिलाड़ी भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में कुल 6 जबकि बालक वर्ग में कुल सात चक्र खेले जाने हैं। आज संपन्न हुए प्रथम चक्र के बाजी के उपरांत तकरीबन सभी वरीय खिलाड़ियों ने अपनी अपनी बाजियां जीत ली।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी देवांश केशरी समेत सभी वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने अपनी अपनी बाजियां जीत ली। वहीं बालिकाओं के वर्ग में धान्वी कर्मकार, मोहिनी पंडित , अनिका यादव, आराध्या प्रकाश, राज श्री, सान्वी जैसे रेटेड खिलाड़ियों ने अपनी अपनी बाजियां जीत ली।
वहीं प्रतियोगिता में एक उलटफेर देखने को मिला जब चौथी वरीयता प्राप्त रेटेड खिलाड़ी दरभंगा की मनीषा यादव को पूर्णिया की नव्या आकृति ने सफेद मोहरों से पराजित कर दिया।