रियो डी जनेरियो, 29 मई। ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार अगले महीने शुरू होने वाले फीफा विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में नहीं खेल पायेंगे। इसकी पुष्टि ब्राजीलियन फुटबॉल कॉन्फेडरेशन ने खुद की है।
ब्राजील फुटबॉल परिसंघ ने बताया कि नेमार 13 जून को मोरक्को के ख़िलाफ ब्राजील का पहला वर्ल्ड कप मैच नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि उन्हें पिंडली में चोट लगी है। रियो डी जनेरियो के पास टेरेसोपोलिस में ब्राजील के ट्रेनिंग कैंप में हुए स्कैन से पता चला कि सैंटोस के इस फ़ॉरवर्ड खिलाड़ी की पिंडली की मांसपेशी में ग्रेड-2 का खिंचाव है, जिसके ठीक होने में दो से तीन हफ़्ते लगेंगे।
ब्राज़ील टीम के डॉक्टर रोड्रिगो लास्मार ने कहा कि नेमार गुरुवार को अभ्यास सत्र के दौरान आये थे। उनके सभी मेडिकल टेस्ट हुए, जिनमें एमआरआई स्कैन से पता चला कि उन्हें पिंडली में सिर्फ़ सूजन नहीं, बल्कि ग्रेड-2 की चोट है। उम्मीद है कि दो से तीन हफ़्ते में उन्हें खेलने की अनुमति मिल जाएगी।
128 इंटरनेशनल मैचों में 79 गोल के साथ ब्राज़ील के अब तक के सबसे ज़्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी नेमार 17 मई को कोरीटिबा के ख़िलाफ़ घरेलू मैदान पर 3-0 से हार के बाद सैंटोस के मेडिकल स्टाफ़ ने शुरू में उनकी पिंडली में सिर्फ़ सूजन बताई थी।
34 साल के नेमार ने आख़िरी बार अक्टूबर 2023 में ब्राज़ील के लिए खेला था, जब उरुग्वे के ख़िलाफ़ वर्ल्ड कप क्वालिफ़ायर मैच में उनके घुटने का एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट (एसीएल) टूट गया था।
बार्सिलोना और पेरिस सेंट-जर्मेन के इस पूर्व अटैकर को तब से चोटों से जूझना पड़ा है। पिछले साल जनवरी में अपने बचपन के क्लब सैंटोस में लौटने के बाद से उन्होंने सभी प्रतियोगिताओं में 38 मैचों में सिर्फ़ 17 गोल किए हैं। ब्राज़ील अपने वर्ल्ड कप ग्रुप सी का सफ़र न्यू जर्सी में मोरक्को के ख़िलाफ़ शुरू करेगा, जिसके बाद वह फ़िलाडेल्फ़िया में हैती और मियामी में स्कॉटलैंड से भिड़ेगा।
यह टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई तक संयुक्त राज्य अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में खेला जाएगा।