Wednesday, May 27, 2026
Home Latest महिला टी20 विश्व कप से पहले भारत की इंग्लैंड में बड़ी परीक्षा

महिला टी20 विश्व कप से पहले भारत की इंग्लैंड में बड़ी परीक्षा

दोनों देशों के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत 28 मई से

by Khel Dhaba
0 comment

चेम्सफोर्ड (ब्रिटेन), 27 मई। अगले महीने होने वाले महिला टी20 विश्व कप विश्व कप के लिए अपनी अंतिम तैयारी के तौर पर बृहस्पतिवार से यहां शुरू हो रही तीन मैच की श्रृंखला में भारतीय महिला क्रिकेट टीम मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ अपनी निरंतरता दोबारा हासिल करने और सर्वश्रेष्ठ टीम संयोजन तय करने की कोशिश करेगी।

टी20 विश्व कप की शुरुआत 12 जून से

टी20 विश्व कप 12 जून से शुरू हो रहा है और इस वैश्विक टूर्नामेंट को देखते हुए हरमनप्रीत कौर की टीम के लिए यह दौरा और भी ज्यादा अहम हो जाता है। भारतीय टीम ने पिछले एक साल में कई बार शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन लगातार लय बनाए रखने में उसे संघर्ष करना पड़ा है।

भारत की तैयारियां मिली-जुली

टी20 विश्व कप के लिए भारत की तैयारियां मिली-जुली रही हैं। टीम ने पिछले साल दिसंबर में घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ 5-0 से शानदार जीत के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद टीम ने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रचते हुए 2-1 से टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज जीती, इस तरह उसने एक दशक में वहां पहली द्विपक्षीय सीरीज जीती।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मिली जीत महत्वपूर्ण

ऑस्ट्रेलिया में मिली यह जीत उस टीम के लिए एक बड़ा कदम मानी गई जिसे अक्सर विदेशों में खासकर दबाव वाले हालात में संघर्ष करना पड़ता था। बल्लेबाजों का आक्रामक रवैया और गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अच्छे संकेत थे।

दक्षिण अफ्रीका दौरे पर बिगड़ गई लय

हालांकि इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम की लय बिगड़ गई और भारत को 1-4 से निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा। वहां के हालात ने इस बड़े टूर्नामेंट से पहले टीम की कई कमियों को उजागर कर दिया।

बैटिंग में निरंतरता की कमी

बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी दिखी, मध्यक्रम मैच खत्म करने में संघर्ष करता रहा और गेंदबाजी आक्रमण भी अहम मौकों पर नियमित रूप से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। पूरी सीरीज के दौरान भारतीय टीम लय में नहीं दिखी।

इसलिए इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज भारत को 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले टी20 विश्व कप मैच से पहले इन कमियों पर काम करने का मौका मुहैया कराएगी।

अनुशासित गेंदबाजी करनी होगी

तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़ और अरुंधति रेड्डी के संभालने की उम्मीद है। इसके अलावा टीम प्रबंधन युवा खिलाड़ी नंदिनी शर्मा को भी कुछ मैच खेलने का मौका दे सकता है क्योंकि इस युवा गेंदबाज ने महिला प्रीमियर लीग में अपनी तेज गेंदबाजी के कौशल से सभी को प्रभावित किया था।

भारत की तेज गेंदबाजों को दक्षिण अफ्रीका में संघर्ष करना पड़ा था और इंग्लैंड के हालात में सीम गेंदबाजी को मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में मेहमान टीम की तेज गेंदबाजों को शुरुआत से ही ज्यादा अनुशासित और सतर्क रहना होगा।

हालांकि राधा यादव और यास्तिका भाटिया की अब वापसी हुई है जो दक्षिण अफ्रीका सीरीज में नहीं खेल पाई थीं जो टीम के लिए सकारात्मक पहलू है। भारत की पहली पसंद की विकेटकीपर भाटिया एसीएल चोट के कारण टीम से बाहर थीं। राधा की वापसी से स्पिन विभाग को अहम अनुभव मिलेगा जिसमें दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल भी शामिल हैं।

पिछले दौरे का इंग्लैंड को मिलेगा फायदा

भारत को पिछले साल इंग्लैंड दौरे से भी आत्मविश्वास मिलेगा जब उन्होंने मेजबान टीम पर 3-2 से जीत हासिल करके इंग्लैंड की धरती पर अपनी पहली द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीती थी।

वहीं इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद यह श्रृंखला खेल रही है। लेकिन उसे अपनी नियमित कप्तान नैट साइवर-ब्रंट की कमी खलेगी जो अपनी पिंडली की चोट से उबर रही हैं।

लेकिन मेजबान टीम को स्टार बल्लेबाज डैनी वाट हॉज की वापसी से मजबूती मिली है जो हाल में मातृत्व अवकाश से लौटीं हैं।

टीम इस प्रकार है।

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणी, ​​यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।

इंग्लैंड: एम ओर्लोट, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फिलर, एमी जोन्स, नैट साइवर-ब्रंट, पेज स्कोफील्ड, लिन्से स्मिथ, डैनी वाट हॉज, इसी वोंग।

मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरू होगा।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights