पटना, 26 मई। बांग्लादेश में आयोजित होने वाली 10वीं दक्षिण एशियन (सैफ)आत्या-पात्या चैंपियनशिप में भाग लेने वाली भारतीय टीम में बिहार के दो खिलाड़ियों दिवाकर कुमार और वैष्णवी कुमारी का चयन किया गया है। यह प्रतियोगिता 2 से 4 जून तक आयोजित की जायेगी। वर्तमान समय में दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम के पुडुचेरी में चल रहे कैंप क हिस्सा हैं।
वैष्णवी कुमारी पटना जिले की रहने वाली हैं और उन्होंने अपनी पढ़ाई अरविंद महिला कॉलेज से पूरी की है। वह पिछले चार वर्षों से आत्या-पात्या खेल से जुड़ी हुई हैं। वह राष्ट्रीय स्तर की कप्तान भी रह चुकी है। खेल के प्रति समर्पण के साथ-साथ वह बच्चों को कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण भी देती हैं और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं।
अरवल जिला के र हने वाले दिवाकर कुमार पटना विश्वविद्यालय के छात्र हैं और बिहार के उभरते हुए होनहार खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने लगातार पांच बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व किया है तथा फेडरेशन कप में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा वे जूनियर टीम के कोच की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
संघ के मुख्य कोच तरुण कुमार आजाद ने कहा कि सीमित संसाधनों और बिहार सरकार के अपेक्षित सहयोग के बिना भी राज्य के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि बिहार सरकार का सहयोग और प्रोत्साहन मिले तो बिहार के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन कर राज्य एवं देश का नाम रोशन करेंगे।