Tuesday, June 9, 2026
Home Latest प्राग शतरंज : अरविंद चिदंबरम ने विश्व चैंपियन गुकेश को हराया

प्राग शतरंज : अरविंद चिदंबरम ने विश्व चैंपियन गुकेश को हराया

by Khel Dhaba
0 comment

प्राग, 4 मार्च। भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चिदंबरम ने शानदार रणनीति के साथ खेलते हुए प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के मास्टर्स वर्ग के छठे दौर में मौजूदा फिडे विश्व चैंपियन डी गुकेश को हरा बड़ा उलटफेर कर दिया। इस हार के बाद गुकेश लाइव रेटिंग सूची में खिसककर 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

सटीक रणनीति से हासिल की जीत

अरविंद चिदंबरम ने काले मोहरों से खेलते हुए शुरुआत में फिलिडोर डिफेंस अपनाया, लेकिन स्थिति अनुकूल नहीं रहने पर उन्होंने सिसिलियन डिफेंस का सहारा लिया। मिडिल गेम की शुरुआत में गुकेश ने आक्रामक रणनीति के तहत एक प्यादा कुर्बान कर दिया, जिससे मुकाबला बेहद रोचक हो गया। हालांकि बाद में यह चाल उनके लिए भारी पड़ गई।

40वीं चाल में गुकेश से हुई गलती

मुकाबला लंबे समय तक संतुलित स्थिति में बना रहा और अरविंद ड्रॉ से भी संतुष्ट हो सकते थे। लेकिन 40वीं चाल में गुकेश से हुई एक गलती का अरविंद ने पूरा फायदा उठाया। उन्होंने शानदार तरीके से खेल को नियंत्रित किया और अंततः 48 चालों में जीत दर्ज कर ली।

वैन फोरेस्ट बनाए हुए हैं बढ़त

दिन के अन्य मुकाबले ड्रॉ रहे। नीदरलैंड के जोर्डन वैन फोरेस्ट 4.5 अंकों के साथ टूर्नामेंट में एकल बढ़त बनाए हुए हैं। उन्होंने स्थानीय खिलाड़ी डेविड नवारा के साथ ड्रॉ खेला। डेविड नवारा चार अंकों के साथ उज्बेकिस्तान के अब्दुसत्तोरोव नोदिरबेक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।

चैलेंजर्स वर्ग में दिव्या देशमुख का ड्रॉ

चैलेंजर्स वर्ग में विश्व महिला कप विजेता दिव्या देशमुख ने नीदरलैंड के थॉमस बीर्डसेन के साथ ड्रॉ खेला। वहीं भारतीय ग्रैंडमास्टर सूर्य शेखर गांगुली ने स्पेन के डैनियल युफ्फा के साथ अंक साझा किए।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.