पावापुरी (नालंदा), 23 अप्रैल। लगता है भोजपुर जिला क्रिकेट का भाग्य उदय हो गया है। इस सत्र में उसके खिलाड़ी जबर्दस्त फॉर्म में हैं। सीनियर से लेकर जूनियर स्तर पर उसके खिलाड़ी अपना जलवा बिखेर रहे हैं। बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी में भोजपुर की टीम उपविजेता रही और अब मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह पक्की की। बीसीए मेंस टी20 ट्रॉफी में उसके खिलाड़ी शानदार खेल दिखा रहे हैं। मेंस अंडर-16 वनडे ट्रॉफी में लगातार दूसरी जीत हासिल कर नॉकआउट के दरवाजे पर दस्तक दे रही है भोजपुर की टीम।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में कराई जा रही रणधीर वर्मा बीसीए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में भोजपुर ने शानदार और एकतरफा प्रदर्शन करते हुए गोपालगंज को 133 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ के साथ भोजपुर ने मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी के फाइनल में मिली हार का हिसाब भी चुकता किया।
स्थानीय पावापुरी मोड़ (नालंदा) स्थित एसएससीसी ग्राउंड पर खेले गए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल मैच में गोपालगंज ने टॉस जीता और भोजपुर को बैटिंग का न्योता दिया। भोजपुर ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट पर 360 रन बनाये। जवाब में गोपालगंज की टीम 33.1 ओवर में 227 रन पर ऑल आउट हो गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भोजपुर की टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 360 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत अच्छी रही और टीम ने लगातार साझेदारियां बनाकर स्कोर को ऊंचाई तक पहुंचाया।
अवनीश कुमार ने 119 गेंदों में 100 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 14 चौके शामिल रहे। वहीं अश्विनी कुमार ने 63 गेंदों में 87 रन बनाकर तेज बल्लेबाजी का नमूना पेश किया और 8 चौके व 5 छक्के लगाए। इसके अलावा अतीश कुमार ने 47, अर्जुन सिंह ने 37, रितेश पॉल ने 30 रन और रित्विज राज सिंह ने 28 रन बनाये।
गोपालगंज की ओर से सुजय कुमार शर्मा और दिलीप कुमार ने दो-दो विकेट झटके। शुभम और आकांशु राय ने 1-1 विकेट चटकाये।
361 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोपालगंज की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 33.1 ओवर में 227 रन पर सिमट गई।
टीम के लिए चंदन पासवान ने 45 गेंदों में 68 रन की अच्छी पारी खेली, जबकि आशीष श्रीवास्तव और दिव्य प्रकाश ने 41-41 रन का योगदान दिया। अंकित यादव ने 25, शुभम पांडेय ने 12 रन बनाये। अतिरिक्त के सहारे 21 रन बने।
भोजपुर की ओर से मोहित कुमार ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। कप्तान अर्जुन सिंह ने भी 3 विकेट झटके, जबकि अश्विनी कुमार ने 2 विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया।
संक्षिप्त स्कोर
भोजपुर : 50 ओवर में 6 विकेट पर 360 रन, अवनीश कुमार 100, अश्विनी कुमार 87, अतिश कुमार नाबाद 47, रितेश कुमार 30, अर्जुन सिंह 37,रित्विज राज सिंह 28,
सुजय कुमार शर्मा 2/87, दिलीप कुमार 2/58, शुभम पांडेय 1/40, आकांशु राय 1/79
गोपालगंज : 227 (33.1 ओवर), चंदन पासवान 68, आशीष श्रीवास्तव 41, दिव्य प्रकाश 41, अंकित यादव 25, शुभम पांडेय 12, अतिरिक्त 21, मोहित कुमार 3/32, अर्जुन सिंह 3/30, अश्विनी कुमार 2/36, अर्चित कश्यप 1/68, शिवांश पांडेय 1/43