जयपुर, 25 अप्रैल। वैभव सूर्यवंशी (103 रन) के 36 गेंद में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास के तीसरे सबसे तेज शतक के बाद भी राजस्थान रॉयल्स को शनिवार को यहां टी20 मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट की हार खानी पड़ी।
पहले बैटिंग करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन बनाये। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद ने 18.3 ओवर में छह विकेट पर 229 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों में 11 चौका व 1 छक्का की मदद से 57, ईशान किशन ने 31 गेंदों में 11 चौका व 3 छक्का की म दद से 74 रन बनाये। हेनरिख क्लासन ने 29 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 36 रन की पारी खेली। सलील अरोड़ा (नाबाद 8) ने छक्का जड़ कर सनराइजर्स हैदराबाद को जीत दिलाई।
इसके पहले वैभव सूर्यवंशी ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में 32 रन पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए लीग का अपना दूसरा और इस सत्र का पहला शतक जड़ा। इस सत्र में इससे पहले वह तीन तू्फानी अर्धशतक भी जड़ चुके हैं।
पंद्रह साल के इस खिलाड़ी ने एक बार फिर अपने शानदार स्ट्रोक-प्ले का प्रदर्शन किया जिसमें जबरदस्त ताकत और बेहतरीन टाइमिंग का मेल देखने को मिला। यह मैच राजस्थान का इस सत्र का पहला घरेलू मैच था। सूर्यवंशी ने अपनी 37 गेंद की पारी के दौरान पांच चौके और 12 छक्के जड़े।
सूर्यवंशी ने अपनी 36वीं गेंद पर साकिब हुसैन (62 रन देकर एक विकेट) की गेंद पर छक्का जड़कर अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल के इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक अपने नाम किया। इससे आगे उनका खुद का पिछले साल बनाया गया 35 गेंद का शतक और अप्रैल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए क्रिस गेल का 30 गेंद का शतक मौजूद है।
सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत ही जोरदार अंदाज में की। उन्होंने पहले ओवर की आखिरी चार गेंदों पर प्रफुल हिंगे (49 रन देकर एक विकेट) को ऑन-साइड में दो छक्के और विकेट के पीछे (डाउन द विकेट) दो छक्के जड़े। इस तेज शुरुआत के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
शानदार लय में दिख रहे सूर्यवंशी ने रन बनाने का कोई भी मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने विकेट के दोनों ओर रन बटोरे और पारी की शुरुआत में दो मजबूत साझेदारियां निभाते हुए तेज रन गति बनाए रखी।
उनकी तेज शुरुआत की बदौलत पहले विकेट के लिए महज 14 गेंदों में 40 रन जुड़ गए। इसके बाद उन्होंने दूसरे विकेट के लिए ध्रुव जुरेल (51 रन) के साथ 112 रन की साझेदारी करके टीम को और मजबूत किया।
जुरेल ने भी 35 गेंद में आठ चौके और दो छक्के जड़ित अर्धशतकीय पारी से अहम योगदान दिया।
सूर्यवंशी की तूफानी पारी उनका शतक पूरा करने के तुरंत बाद ही खत्म हो गई। वहहुसैन की गेंद पर स्कूप शॉट खेलने से चूक गए और गेंद सीधे उनके स्टंप्स के सामने उनके पैरों पर लगी जिसके बाद उन्हें पगबाधा आउट दे दिया गया।
इस बीच जुरेल भी दो बार भाग्यशाली रहे।
सनराइजर्स हैदराबाद खतरनाक यशस्वी जायसवाल (10) को जल्दी ही आउट करने में कामयाब रही। पांचवें ओवर में ईशान मलिंगा (38 रन देकर दो विकेट) ने सूर्यवंशी को आउट करने का मौका बनाया लेकिन टीम ने मौका गंवा दिया।
एक लेंथ बॉल पर सूर्यवंशी ने गेंद को ऑन-साइड की तरफ जोर से मारने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद को सही टाइम नहीं कर पाए। अनिकेत रेड्डी ने डीप मिडविकेट पर अपनी दाईं ओर कुछ दूरी तय की, लेकिन गेंद उनके हाथों से फिसल गई जो सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक बहुत महंगी गलती साबित हुई।
इसके बाद सूर्यवंशी ने हुसैन के छठे ओवर में एक छक्का लगाकर सिर्फ 15 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
राजस्थान रॉयल्स को डोनोवन फरेरा की 16 गेंद में खेली गई 33 रन की तेज पारी से भी मदद मिली जिसमें तीन छक्के और उतने ही चौके शामिल थे।
सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस ने चार ओवर में 27 रन देकर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग (07) के रूप में एक विकेट लेकर वापसी की।