Thursday, May 28, 2026
Home Uncategorized IPL 2026 RR VS GT : गुजरात के गेंदबाजों के लिए वैभव सूर्यवंशी बड़ी चुनौती

IPL 2026 RR VS GT : गुजरात के गेंदबाजों के लिए वैभव सूर्यवंशी बड़ी चुनौती

दूसरे क्वालिफायर में राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस मुकाबला 29 मई को

by Khel Dhaba
0 comment

मुल्लांपुर, 28 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) के दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों के सामने सबसे बड़ी चुनौती ‘वंडर किड’ वैभव सूर्यवंशी के बल्ले पर अंकुश लगाने की होगी जबकि उनके शीर्षक्रम के बल्लेबाजों को भी आक्रामक खेल दिखाना होगा ।

दोनों टीमों के बीच पिछले मुकाबले में मोहम्मद सिराज ने शॉर्ट गेंद पर सूर्यवंशी को आउट किया था लेकिन इससे पहले उनकी गेंद पर शानदार छक्का पड़ा था । तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा को भी सूर्यवंशी ने नहीं बख्शा। पंद्रह बरस के इस बल्लेबाज ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंद में 97 रन बनाये थे।

बल्लेबाजों की मददगार इस पिच पर वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर हर गेंद को पीटना चाहेंगे और गेंदबाज के रसूख की वह परवाह नहीं करते। इसलिये जसप्रीत बुमराह से लेकर पैट कमिंस तक सभी की गेंदों पर उन्होंने छक्के लगाये हैं। कुछ मैचों में सूर्यवंशी शॉर्ट गेंद पर विकेट गंवा बैठे हैं और गुजरात के गेंदबाज इसी पर फोकस करना चाहेंगे।

रॉयल्स की सफलता की कुंजी सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर साबित हुए हैं। सूर्यवंशी के शानदार फॉर्म के आगे यशस्वी जायसवाल छिप से गए हैं। ध्रुव जुरेल ने तीसरे नंबर पर अच्छी बल्लेबाजी की है।

कप्तान रियान पराग ने कहा था कि रॉयल्स को बुधवार को 260 रन बनाने चाहिये थे लेकिन डैथ ओवरों में विकेट लगातार गिरते गए। उन्हें अपनी फिनिशिंग पर काम करना होगा।

दूसरी ओर गुजरात के पास एक और आईपीएल फाइनल में पहुंचने का मौका है जिसे पिछली बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने हराया था। गुजरात की टीम बल्लेबाजी में शीर्ष तीन शुभमन गिल, साइ सुदर्शन और जोस बटलर पर निर्भर है। अगर ये सभी नहीं चले तो बड़ा स्कोर बनना मुश्किल है। अगर रॉयल्स ने 250 से अधिक रन बना लिये तो गिल और सुदर्शन पर दबाव आ जायेगा।

सुदर्शन के प्रदर्शन में निरंतरता है लेकिन वह पहली गेंद से पीट नहीं सकता। गेंदबाजी गुजरात की ताकत है लेकिन धर्मशाला में आरसीबी के खिलाफ डैथ ओवरों में उसके गेंदबाज नहीं चले थे जब आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार पारी खेली थी।

गुजरात को अपनी फील्डिंग में भी काफी सुधार करना होगा। पिछले मैच में राहुल तेवतिया का फॉर्म भी उसके लिये अच्छा संकेत है। भीषण गर्मी के बावजूद सूर्यवंशी की बल्लेबाजी देखने के लिये हजारों की संख्या में क्रिकेटप्रेमियों के स्टेडियम में आने की उम्मीद है।

टीमें :

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत (विकेटकीपर), अरशद खान, अशोक शर्मा, जोस बटलर (विकेटकीपर), कॉनर एस्टरहुइज़न, गुरनूर बराड़, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, राशिद खान, साई किशोर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, इशांत शर्मा, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, ल्यूक वुड और जयंत यादव।

राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), अमन राव, शुभम दुबे, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (विकेटकीपर), रवि सिंह, वैभव सूर्यवंशी, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, ब्रिजेश शर्मा, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, केवेना मफाका, एडम मिल्ने, सुशांत मिश्रा, विग्नेश पुथुर, रवि बिश्नोई, संदीप शर्मा, कुलदीप सेन, यशराज पुंजा, युद्धवीर सिंह।

मैच का समय : शाम 7.30 से ।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights