बेंगलुरू, 28 मार्च। विराट कोहली (नाबाद 69), देवदत्त पड्डीकल के शानदार अर्धशतकों की मदद से गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 में अपना खिताब बचाओ अभियान शुरू किया। आईपीएल 2026 के उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया।
टॉस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता और सनराइजर्स हैदराबाद को बैटिंग का न्योता दिया। सनराइजर्स हैदराबाद ने कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन के 38 गेंद में 80 रन की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने नौ विकेट पर 201 रन बनाये।
जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 15.4 ओवर में ही चार विकेट पर 203 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। विराट कोहली ने 38 गेंदों में 5 चौका व 5 छक्का की मदद से नाबाद 69 रन बनाये। देवदत्त पड्डीकल ने 26 गेंद में सात चौका व 4 छक्का की मदद से 61 रन बनाये। कप्तान रजत पाटीदर ने 31, टिम डेविड ने नाबाद 16 रन बनाये।
इससे पहले ईशान ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाये । उन्होंने चौथे विकेट के लिये हेनरिच क्लासेन (31) के साथ 97 रन की साझेदारी की।
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया । एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर करीब दस महीने बाद क्रिकेट की वापसी हुई है । पिछले साल आरसीबी के पहली बार खिताब जीतने के बाद जश्न में मची भगदड़ के दौरान 11 प्रशंसकों की मौत होने से इस मैदान पर क्रिकेट नहीं हो रहा था।
आरसीबी के लिये जैकब डफी ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिये। न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने अपने कद का पूरा इस्तेमाल करते हुए बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। अभिषेक शर्मा (सात) खुलकर खेल नहीं सके हालांकि उन्होंने डफी को बैकवर्ड प्वाइंट पर छक्का लगाया था।
शॉर्ट गेंद के सामने हमेशा असहज होने वाले अभिषेक ने डफी की गेंद पर विकेट के पीछे जितेश शर्मा को कैच थमाया। इससे पहले शुरूआती ओवर में ही अभिषेक को डफी की ही गेंद पर विकेट के पीछे लपके जाने की अपील पर आरसीबी ने एक डीआरएस रिव्यू गंवा दिया था।
ट्रेविस हेड और नीतिश कुमार रेड्डी को भी डफी ने आउट किया। सनराइजर्स ने पांचवें ओवर में ही 29 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे और पावरप्ले के बाद स्कोर तीन विकेट पर 49 रन था।
ईशान ने हालांकि दबाव में आये बिना साहसिक पारी खेली और 27 गेंद में अर्धशतक पूरा कर दिया। उन्होंने अभिनंदन सिंह को एक ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया । इसके बाद स्पिनर कृणाल पंड्या को भी दो छक्के जड़े।
अभिनंदन ने ही हालांकि ईशान को डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर फिल साल्ट के हाथों लपकवाया।
आखिरी पांच ओवरों में सनराइजर्स के बल्लेबाज 59 रन ही बना सके। अनिकेत वर्मा ने 19 गेंद में 43 रन बनाये जिन्हें भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विराट कोहली ने 26 के स्कोर पर जीवनदान दिया था ।