रांची, 4 जून। झारखंड के लिए गर्व की बात है कि राज्य के चार शारीरिक शिक्षक एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रवीण कुमार, नवीन कुमार, शंभूनाथ एवं आशा कुमारी स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित आईएसएफ यूडब्ल्यूडब्ल्यू कोच एजुकेशन लेवल-1 प्रोग्राम में भाग लेने के लिए आज रांची से नई दिल्ली रवाना हुए।
यह प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम 5 जून से 10 जून 2026 तक नई दिल्ली स्थित त्यागराज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा पहली बार आयोजित किए जा रहे इस राष्ट्रीय स्तर के कोच एजुकेशन कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षकों एवं शारीरिक शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।
विशेष बात यह है कि झारखंड से पहली बार चार शारीरिक शिक्षक इस महत्वपूर्ण कोच एजुकेशन लेवल-1 कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे हैं। सभी प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं तथा विद्यालयी खेलों के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आज सभी प्रतिभागी झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके चयन से राज्य के खेल एवं शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों एवं शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को सफल प्रशिक्षण एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।
इस अवसर पर खेल जगत से जुड़े लोगों ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में झारखंड की भागीदारी राज्य में खेलों के विकास को नई दिशा प्रदान करेगी तथा विद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।
झारखंड स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सभी अधिकारी गण एवं झारखंड के समस्त खेल प्रेमियों की ओर से सभी प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएँ।