पटना, 3 जून। साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया की देखरेख में साइकिल एसोसिएशन ऑफ़ बिहार एवं पटना जिला साइकिल संघ के संयुक्त तत्वावधान में पटना के महुली ,पुनपुन रोड पर अस्मिता महिला सिटी रोड साइकिलिंग लीग आयोजित की गई। लीग का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप फुलवारी शरीफ विधायक श्याम रजक एवं विशिष्ट अतिथि जदयू नेता बंटी चंद्रवंशी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
सब जूनियर वर्ग 10 किलोमीटर में स्वर्ण पदक प्रिया कुमारी, रजक पदक उमा प्रवीन एवं कांस्य पदक सोनी कुमारी ने हासिल किया वहीं जूनियर वर्ग के 15 किलोमीटर में स्वर्ण पदक सबा परवीन, रजत पदक प्रियंका कुमारी एवं कांस्य पदक अनामिका कुमारी ने प्राप्त किया जबकि महिला इलीट के 20 किलोमीटर में स्वर्ण पदक रुचि राज, रजत पदक अनु कुमारी एवं कांस्य पदक आयशा कुमारी ने जीता।
लीग समाप्ति के उपरांत आज विश्व साईकिल दिवस के अवसर पर ओपन रैली का भी आयोजन किया गया। विजेता साइकिलिस्ट को परसा बाजार के थाना प्रभारी मेनका रानी द्वारा पुरस्कृत किया गया।
थाना प्रभारी द्वारा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक नशा मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब विद्यार्थी अपनी रुचि खेल और पढ़ाई दोनों में लगाए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के दौर में खेलों में अपार संभावनाएं छिपी हुई है।
भारत सरकार और राज्य सरकार की मेडल लाओ नौकरी पाओ योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इसके तहत कई प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई है। अतिथियों का स्वागत सी के मिश्रा द्वारा जबकि धन्यवाद ज्ञापन साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ़ बिहार के संयुक्त सचिव विनोद कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय साइकिलिस्ट सूरज कुमार, जसपाल यादव, रणविजय कुमार एवं अन्य खेल प्रेमी मौके पर उपस्थित थे।