Wednesday, June 17, 2026
Home झारखंड टेबुल टेनिस के पहले द्रोणाचार्य अवार्डी भवानी मुखर्जी का निधन

टेबुल टेनिस के पहले द्रोणाचार्य अवार्डी भवानी मुखर्जी का निधन

by Khel Dhaba
0 comment

रांची। टेबुल टेनिस के पहले द्रोणाचार्य और भारतीय टीम के पूर्व प्रमुख कोच भवानी मुखर्जी का निधन हो गया है। वह 68 वर्ष के थे और उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्र है। भवानी मुखर्जी ने चंडीगढ़ के निकट अपने जीरकपुर आवास पर शुक्रवार को अंतिम सांस ली। वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे।

भवानी दा के नाम से मशहूर भवानी मुखर्जी 70 के दशक के मध्य में एनआईएस पटियाला से जुड़े थे जहां से उन्होंने कोचिंग का डिप्लोमा किया था। उनमें प्रतिभाओं को ढूंढने और उन्हें तराशने की खास क्षमता थी। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा और ग्रेजुएशन राजस्थान के अजमेर से किया था जहां उनके पिता चिकित्सक थे। वह स्कूल और कॉलेज स्तर तक टेबुल टेनिस खेले थे और उसके बाद कोच बन गए थे। वह एनआईएस पटियाला में प्रमुख कोच थे और 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के बाद कुछ समय के लिए भारत की राष्ट्रीय टीम के प्रमुख कोच बने थे जब भारत के पास विदेशी कोच नहीं था।

वह 2012 के लंदन ओलंपिक सौम्यजीत घोष और अंकिता दास के साथ गए थे। उन्होंने 34 साल तक टेबुल टेनिस की सेवा की और फिर भारतीय खेल प्राधिकरण से रिटायर हुए। खेल के प्रति उनकी सेवाओं को देखते हुए सरकार ने उन्हें द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया था और इस तरह वह टेबुल टेनिस के पहले द्रोणाचार्य अवार्डी बने थे।

भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के महासचिव एमपी सिंह और पूर्व महासचिव तथा सलाहकार धनराज चौधरी ने भवानी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस खेल को उनकी कमी हमेशा महसूस होती रहेगी। उनके निधन पर झारखंड टेबुल टेनिस संघ के सचिव जयकुमार सिन्हा, अध्यक्ष शिव सिंह. कोषाधयक्ष संजेश मोहन ठाकुर सहित संघ के कई अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.