भागलपुर, 17 जून। कप्तान प्रतिभा साहनी (60 रन, दो विकेट) के हरफनमौला खेल और संतोषी कुमारी की 44 रन की पारी की बदौलत टीम एफ ने बीसीए वीमेंस अंडर-19 टी20 ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया।
स्थानीय सैंडिस कंपाउंड ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले टीम ए की कप्तान अक्षरा गुप्ता ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करने का फैसला किया। शुरुआत खराब रही। सलामी बैटर नीतू और उसके बाद देविका तिवारी सस्ते में पवेलियन लौट गई।
इसके बाद अक्षरा गुप्ता ने कुछ देर के लिए सलोनी कुमारी का साथ दिया। इसके बाद सलोनी ने तेज खेलते हुए सृष्टि कुमारी के साथ मिल कर 75 रन रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। बाद में मुखरा ने तेज खेला और टीम का स्कोर निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन पहुंचा।
टीम ए की ओर से कप्तान अक्षरा गुप्ता ने 38, सलोनी कुमारी ने 57, सृष्टि कुमारी ने 14, मुखरा ने नाबाद 19 रन बनाये। अतिरिक्त के सहारे 17 रन बने।
टीम एफ की ओर से सिद्धि कुमारी ने 2, सेजल ने 1, प्रतिभा ने 2 और प्रिया राज ने 1 विकेट चटकाये।

जवाब में टीम एफ की टीम 17.3 ओवर में 2 विकेट पर 165 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। प्रतिभा साहनी ने 54 गेंद में 8 चौका व 1 छक्का की मदद से नाबाद 60, शिवि सिंह ने 21 गेंद में 3 चौका की मदद से 26 और संतोषी कुमारी ने 20 गेंद में 7 चौका व 1 छक्का की मदद से नाबाद 44 रन की पारी खेली। अतिरिक्त के सहारे 26 रन बने।
टीम ए की ओर से मुखरा और अक्षरा गुप्ता ने 1-1 विकेट चटकाये। विजेता टीम की प्रतिभा साहनी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
टीम ए : 20 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन, अक्षरा गुप्ता 38, सलोनी कुमारी 57, सृ्ष्टि कुमारी 14, मुखरा नाबाद 19, अतिरिक्त 17, सिद्धि कुमारी 2/23, सेजल 1/32, प्रतिभा 2/27, प्रिया राज 1/37.
टीम एफ : 17.3 ओवर में दो विकेट पर 165 रन, प्रतिभा साहनी नाबाद 60, शिवि सिंह 26, संतोषी कुमारी नाबाद 44, अतिरिक्त 26, मुखरा 1/19, अक्षरा गुप्ता 1/39