पटना, 17 जून। बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन ने सत्र 2026-27 के लिए अपना वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर में अपने आयु वर्गों के टूर्नामेंटों के साथ-साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन भी शामिल है। सबसे बड़ी बात यह है कि बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन अपनी लीग शुरू करने जा रही है जिसका आयोजन दिसंबर महीने में होगा।
यह जानकारी देते हुए बिहार बैडमिंटन संघ के सचिव के.एन. जायसवाल ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की शुरुआत जनवरी 2026 में मुजफ्फरपुर में आयोजित अंडर-15 एवं अंडर-17 जूनियर स्टेट रैंकिंग टूर्नामेंट से हो चुकी है। इसके बाद खगड़िया, बेगूसराय, पटना, पूर्णिया, गया, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सुपौल, मधुबनी और पटना सहित विभिन्न जिलों को मेजबानी का अवसर दिया गया है।
गया में प्रतिष्ठित उमेश वर्मा इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप 19 जून से
कैलेंडर के अनुसार 19 से 21 जून तक गया में 19वीं उमेश वर्मा बिहार राज्य अंतर जिला टीम बैडमिंटन चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। यह राज्य की सबसे प्रतिष्ठित टीम प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है।
पटना को मिली कई बड़ी प्रतियोगितियों की मेजबानी
राजधानी पटना को इस वर्ष कई महत्वपूर्ण आयोजनों की मेजबानी मिली है। अप्रैल में अंडर-13 एवं अंडर-15 जूनियर स्टेट रैंकिंग का आयोजन पटना में हो चुका है। इसके बाद अक्टूबर में मिनी स्टेट चैंपियनशिप, दिसंबर में सीनियर स्टेट चैंपियनशिप तथा दिसंबर के अंत में बहुप्रतीक्षित बिहार बैडमिंटन लीग (BBL) का आयोजन पटना में होगा। इसके अलावा अगस्त-सितंबर में ऑल इंडिया सब-जूनियर रैंकिंग टूर्नामेंट की भी मेजबानी बिहार को मिली है, जिसका आयोजन पटना में प्रस्तावित है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी दिखेगा बिहार का दम
कैलेंडर में बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) द्वारा आयोजित ऑल इंडिया जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर रैंकिंग टूर्नामेंटों को भी शामिल किया गया है। बेंगलुरु, गोवा, हैदराबाद, पुणे, भुवनेश्वर, हरियाणा, जयपुर, मुंबई और गंगटोक जैसे शहरों में आयोजित होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में बिहार के खिलाड़ी भाग लेंगे।
वर्ष के अंत में राष्ट्रीय चैंपियनशिप का रोमांच
नवंबर और दिसंबर में जूनियर नेशनल, मिनी नेशनल, सब-जूनियर नेशनल तथा 88वीं सीनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप आयोजित होगी। इन प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का प्रयास करेंगे।
कैलेंडर की प्रमुख प्रतियोगिताएं
19-21 जून : 19वीं उमेश वर्मा अंतर जिला टीम चैंपियनशिप, गया
1-4 अगस्त : बिहार सीनियर स्टेट रैंकिंग, गोपालगंज
17-20 सितंबर : बिहार सब-जूनियर स्टेट चैंपियनशिप, सुपौल
7-10 अक्टूबर : बिहार जूनियर स्टेट चैंपियनशिप, मधुबनी
25-26 अक्टूबर : बिहार मिनी स्टेट चैंपियनशिप, पटना
2-5 दिसंबर : बिहार सीनियर स्टेट चैंपियनशिप, पटना
28-30 दिसंबर : बिहार बैडमिंटन लीग (BBL), पटना
जनवरी 2027 : अंतर जिला टीम चैंपियनशिप
फरवरी 2027 : बिहार स्टेट मास्टर्स चैंपियनशिप, गया