Saturday, May 30, 2026
Home Uncategorized बिहार अंडर-13 शतरंज : देवांश केशरी और मोहिनी पंडित शीर्ष पर

बिहार अंडर-13 शतरंज : देवांश केशरी और मोहिनी पंडित शीर्ष पर

31 मई को खेला जायेगा अंतिम बाजी का मुकाबला

by Khel Dhaba
0 comment

कटिहार, 30 मई। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में कटिहार जिला शतरंज संघ की मेजबानी में आयोजित बिहार राज्य अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में पटना के देवांश केशरी साढ़े पांच अंकों के साथ शीर्ष पर चल रहे हैं। वहीं बालिकाओं के वर्ग में छपरा की मोहिनी पंडित पांच अंकों के साथ शीर्ष पर आ गई हैं।

आज ओपन वर्ग में खेले गए छठे चक्र के मुकाबले में एक नंबर बोर्ड पर खेल रहे पश्चिम चंपारण के शिवांश बर्नवाल एवं किशनगंज के सुरोनय दास के बीच फोर नाइट के स्कॉच वैरिएशन से खेली गई बाजी अंततः ड्रा में तब्दील हो गई। 46 चालों की इस बाजी में हालांकि दोनों खिलाड़ियों ने परिणाम निकालने की कोशिश की लेकिन बात बनती न देख, दोनों अंक बांटने पर सहमत हो गये।

वहीं दो नम्बर बोर्ड पर खेल रहे प्रतियोगिता के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पटना के देवांश केशरी ने गुईको पियानो के खेल में मुजफ्फरपुर के सिद्धार्थ शांडिल्य को पराजित कर साढ़े पांच अंकों के साथ एकल बढ़त ले ली। दोनों खिलाड़ियों के बीच हुए शानदार खेल में अंततः देवांश ने काले मोहरों से खेलते हुए सिद्धार्थ के राजा पर बेहतरीन दबिश बनाते हुए 47 चालों में बाजी छोड़ने पर मजबूर कर दिया। इस तरह देवांश प्रतियोगिता में अकेले शीर्ष पर चल रहे हैं जबकि शिवांश एवं सुरोनय पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।

बालिकाओं के वर्ग में छपरा की मोहिनी पंडित पांच अंकों के साथ अकेले शीर्ष पर चल रही हैं। आज खेले गए पांचवे चक्र में शीर्ष बोर्ड पर काले मोहरों से खेल रही मोहिनी ने सहरसा की अनिका के खिलाफ सिसिलियन सुरक्षा पद्धति से खेल की शुरुआत की। बेहद उतार चढ़ाव वाले इस खेल में अनिका ने 32वे और 33वें चाल में लगातार दो कमजोर चाल देकर अपनी स्थिति कमजोर कर ली और 35वें चाल में अपनी हार कबूल कर ली। एक मोहरे से पिछड़ने के बावजूद अनिका की स्थिति बेहतर थी लेकिन 32वे चाल में बेहतरीन मौका गंवाना उन्हें मंहगा पड़ा।

इस तरह अपने नजदीकी प्रतिद्वंदियों से एक अंक की बढ़त लेकर मोहिनी अकेले शीर्ष पर हैं जबकि चार अंकों के साथ सहरसा की अनिका यादव, पटना की आराध्या प्रकाश एवं मुजफ्फरपुर की अग्रिमा राज संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर चल रही हैं। रविवार यानी 31 मई को प्रतियोगिता के अंतिम दिन दोनों वर्गों में एक-एक चक्र खेले जाने है एवं उसके उपरांत पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न होगा।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights