Friday, June 12, 2026
Home Slider फीफा ने अंडर-17 महिला 2022 विश्व कप के आधिकारिक शुभंकर ‘इभा’का अनावरण किया

फीफा ने अंडर-17 महिला 2022 विश्व कप के आधिकारिक शुभंकर ‘इभा’का अनावरण किया

by Khel Dhaba
0 comment

नईदिल्ली। फुटबॉल की वैश्विक संचालन संस्था फीफा ने सोमवार को अंडर-17 महिला विश्व कप भारत 2022 के आधिकारिक शुभंकर ‘इभा’का अनावरण किया। इभा एशियाई शेरनी है जो महिला शक्ति का प्रतिनिधित्व करती है। फीफा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार इभा का लक्ष्य पूरे भारत और दुनिया भर में महिलाओं और लड़कियों को अपनी क्षमता पहचानने के लिए प्रेरित करना है।

टूर्नामेंट का आयोजन भारत में अगले साल 11 से 30 अक्टूबर तक किया जाएगा। शुभंकर की घोषणा अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर की गई।

फीफा की मुख्य महिला फुटबॉल अधिकारी सराई बरेमैन ने कहा, इभा एक मजबूत, चंचल और आकर्षक एशियाई शेरनी है जिसका उद्देश्य टीम वर्क, लचीलापन, दयालुता और दूसरों को सशक्त बनाने के जरिए महिलाओं और लड़कियों को प्रेरित और प्रोत्साहित करना है। इसके अलावा उसके नाम का अर्थ खासी में अनुवाद करने पर अच्छे फैसले करने वाला है। उम्मीद है कि इभा भारत और दुनिया भर की लड़कियों को सही फैसले करने और अपनी पूर्ण क्षमता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

उन्होंने कहा, इभा वास्तव में एक रोमांचक और प्रेरक चरित्र है जिसका भारत और दुनिया भर के युवा प्रशंसक अगले साल भारत में फीफा अंडर -17 महिला विश्व कप से पहले लुत्फ उठाएंगे।

बरेमैन ने कहा, 2022 निश्चित रूप से महिला फुटबॉल के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण वर्ष है, खेल के भविष्य के सितारे भारत में अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं – 2023 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में फीफा महिला विश्व कप के शुरू होने से नौ महीने पहले।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष और स्थानीय आयोजन समिति के चेयरमैन प्रफुल्ल पटेल ने कहा, आधिकारिक शुभंकर इभा का अनावरण फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप भारत 2022 की मेजबानी की राह में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इभा साहस और ताकत का प्रतीक है जो हर महिला के मूल गुण हैं, साथ ही टूर्नामेंट की जीवंतता और दूरदर्शी भावना को भी दर्शाते हैं।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.