Friday, October 31, 2025
Home झारखंड हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025-26 सीजन का शेड्यूल घोषित

हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025-26 सीजन का शेड्यूल घोषित

रांची में महिला लीग और तीन शहरों में होगी पुरुष लीग

by Khel Dhaba
0 comment

रांची, 25 अक्टूबर। हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) ने शनिवार को 2025-26 सीजन के लिए पुरुष और महिला टूर्नामेंट का आधिकारिक शेड्यूल जारी किया। यह घोषणा रांची के मारांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा मामले मंत्री सुदिव्य कुमार थे। इस मौके पर हॉकी इंडिया के महासचिव और एचआईएल गवर्निंग कमेटी के सदस्य भोला नाथ सिंह, रांची रॉयल्स टीम के मालिक अल्विश एम.ए., और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मनदीप सिंह, आशीष तानी पुर्ती, संगीता कुमारी, दीपिका सोरेंग, निक्की प्रधान एवं ब्यूटी डुंग डुंग भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान रांची रॉयल्स का आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया गया, जो झारखंड की समृद्ध हॉकी परंपरा और टीम की जुझारू भावना का प्रतीक है।

महिला हीरो एचआईएल: रांची में 28 दिसंबर से

महिला लीग 28 दिसंबर 2025 से रांची में शुरू होगी और 10 जनवरी 2026 तक चलेगी। उद्घाटन मुकाबला रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच खेला जाएगा। चार टीमों-रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब, और श्राची रारह बंगाल टाइगर्स-के बीच डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप में मुकाबले होंगे। अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें 10 जनवरी को फाइनल में भिड़ेंगी। कुल 13 मैच खेले जाएंगे, जिनमें नीदरलैंड, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना और ग्रेट ब्रिटेन जैसे 10 से अधिक देशों की महिला खिलाड़ी भाग लेंगी।

पुरुष हीरो एचआईएल: तीन शहरों में विश्वस्तरीय हॉकी

पुरुष लीग 3 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक चलेगी। इसका पहला चरण चेन्नई में, दूसरा रांची में और तीसरा भुवनेश्वर में आयोजित होगा।
उद्घाटन मैच 3 जनवरी को चेन्नई के मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में तमिलनाडु ड्रैगन्स और हैदराबाद तूफान के बीच खेला जाएगा।

पुरुष लीग में आठ टीमें हिस्सा लेंगी- तमिलनाडु ड्रैगन्स, हैदराबाद तूफान, जीएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब, श्राची रारह बंगाल टाइगर्स (वर्तमान चैंपियन), वेदांता कलिंग लांसर्स, रांची रॉयल्स, एसजी पाइपर्स और एचआईएल गवर्निंग काउंसिल टीम।

सभी टीमें सिंगल राउंड-रॉबिन प्रारूप में एक-दूसरे से खेलेंगी। शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी।

क्वालिफायर 1 और एलिमिनेटर-23 जनवरी (भुवनेश्वर)
क्वालिफायर 2-25 जनवरी
फाइनल और तीसरे स्थान का मैच-26 जनवरी, कलिंग स्टेडियम, भुवनेश्वर
पुरुष लीग में 33 मैच खेले जाएंगे, जिनमें अर्जेंटीना, बेल्जियम, जर्मनी, इंग्लैंड, स्पेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे शीर्ष हॉकी राष्ट्रों के खिलाड़ी शामिल होंगे।

अधिकारियों के बयान

हीरो हॉकी इंडिया लीग गवर्निंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि “पिछले सीजन की सफलता के बाद हम इस बार और भी रोमांचक प्रतियोगिता देखने जा रहे हैं। हमने पुरुष लीग को तीन शहरों तक विस्तारित किया है ताकि अधिक से अधिक प्रशंसक इस विश्वस्तरीय हॉकी का आनंद ले सकें।”

हॉकी इंडिया लीग गवर्निंग कमेटी के सदस्य श्री भोला नाथ सिंह ने कहा कि “हीरो हॉकी इंडिया लीग भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का संगम बन चुकी है। देशभर में फैले मैच और बढ़ते प्रशंसक जुड़ाव के साथ यह सीजन अब तक का सबसे यादगार होगा।”

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights