Friday, February 13, 2026
Home Uncategorized सीएम नीतीश ने किया वीमेंस एशियन Hockey Champions Trophy गौरव यात्रा का किया शुभारंभ

सीएम नीतीश ने किया वीमेंस एशियन Hockey Champions Trophy गौरव यात्रा का किया शुभारंभ

by Khel Dhaba
0 comment

पटना, 14 अक्टूबर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी गौरव यात्रा का सोमवार को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

श्री कुमार ने सोमवार को यहां एक, अणे मार्ग में आयोजित समारोह में हरी झंडी दिखाकर एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी (महिला) गौरव यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके बाद ट्रॉफी गौरव यात्रा के बस में साथ जानेवाली एकलव्य स्पोर्ट्स स्कूल की बच्चियों को ट्रॉफी सौंपा।

मुख्यमंत्री, संसदीय कार्य मंत्री, खेल मंत्री एवं उपस्थित वरीय पदाधिकारियों को एकलव्य स्पोर्ट्स स्कूल की बच्चियों ने हॉकी स्टिक भेंटकर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने हॉकी गौरव यात्रा के लिए तैयार की गयी बस का मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर बस को विदा कर यात्रा का शुभारंभ किया।

उल्लेखनीय है कि बिहार में पहली बार 11 से 20 नवंबर 2024 तक आयोजित होनेवाली अंतर्राष्ट्रीय ‘वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024’के संदर्भ में ट्रॉफी गौरव यात्रा 14 अक्टूबर से 10 नवंबर तक निकाली जा रही है, जो हरियाणा, पंजाब, ओडिशा और झारखंड के अलावा बिहार के सभी 38 जिलों से होकर गुजरेगी।

भारत वर्ष 2023 का विजेता है इसलिए ट्रॉफी भारत के पास ही है, जो हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। ट्रॉफी गौरव यात्रा का उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति का विकास और खेल के क्षेत्र में राज्य की महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी के गौरव के प्रति लोगों को जागरूक कर पहली बार बिहार में होनेवाली इस प्रतियोगिता को सफल बनाना है। जहां-जहां ट्रॉफी गौरव यात्रा पहुंचेगी वहां स्थानीय प्रशासन के सहयोग से ट्रॉफी के स्वागत और सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे ताकि बिहार में पहली बार होने वाली इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता को सफल बनाने में सबकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

राज्य में खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास और महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयास के सकारात्मक परिणाम के रूप में ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता ‘वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024’ की मेजबानी करने का गौरव बिहार को प्राप्त हुआ है। गौरतलब है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 29 अगस्त को राजगीर खेल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय खेल अकादमी और एस्ट्रो टर्फ हॉकी ग्राउंड का उद्घाटन किया था और 05 अक्टूबर को विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के शुभंकर और लोगो का अनावरण भी किया था।

इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक आलोक राज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डाॅ. एस. सिद्धार्थ, खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ. बी. राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार एवं कुमार रवि, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, खेल विभाग के निदेशक महेन्द्र कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights