शिवहर, 28 दिसंबर। शिवहर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही आशुतोष नंदन सिंह मेमोरियल शिवहर जिला जूनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत रविवार यानी 28 दिसंबर को खेले गए मुकाबले में रॉयल जूनियर्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
स्टार जूनियर्स बनाम रॉयल जूनियर्स के मुकाबले में रॉयल जूनियर्स ने दमदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टार जूनियर्स 18 ओवर में 109 रन पर ऑलआउट हो गई। जयराज कुमार ने 30 गेंदों पर 54 रन बनाकर अपनी टीम के लिए अहम प्रयास किया।
रॉयल जूनियर्स के आशिक कुमार ने 3.1 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब अपने नाम किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल जूनियर्स ने 17.3 ओवर में 110 रन बनाकर जीत हासिल की। टीम के लिए यश राज ने नाबाद 54 रन (45 गेंद, 8 चौके, 2 छक्के) की मैच जीताऊ पारी खेली। यश राज ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 3.5 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के दौरान जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष अनिल कुमार झा, क्लब प्रतिनिधि अजीत कुमार, प्रशांत कुमार प्रभाकर और नवीन कुमार उपस्थित थे। अंपायरिंग संजय कुमार श्रीवास्तव और कुश कुमार ने की, जबकि ऑनलाइन स्कोरिंग अभय गुप्ता ने संभाली।
जूनियर डिविजन का अंतिम लीग मैच 29 दिसंबर को राइजिंग स्टार जूनियर और रॉयल जूनियर्स के बीच खेला जाएगा। फाइनल मुकाबला 30 दिसंबर को निर्धारित है।