Sunday, May 31, 2026
Home Uncategorized संजय भट्टाचार्य मेमोरियल स्कूल टेटे में कुमारी अनन्या को तिहरा खिताब

संजय भट्टाचार्य मेमोरियल स्कूल टेटे में कुमारी अनन्या को तिहरा खिताब

पुरुष एकल में अंकित कुमार बने चैंपियन

by Khel Dhaba
0 comment

पटना, 31 मई। बिहार यंग मेन्स इंस्टिट्यूट में पटना जिला टेबल टेनिस संघ की मेजबानी में आयोजित संजय भट्टाचार्य मेमोरियल पटना जिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता का सफल समापन हो गया। प्रतियोगिता में कुमारी अनन्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल तीन खिताब अपने नाम किए, जबकि पुरुष एकल वर्ग का खिताब अंकित कुमार ने जीता।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन महिला एकल वर्ग में कुमारी अनन्या ने फाल्गुनी मुखर्जी को 4-3 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इससे पूर्व अनन्या अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग के खिताब भी जीत चुकी थीं। इस प्रकार उन्होंने प्रतियोगिता में तीन स्वर्णिम सफलताएं हासिल कीं।

पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में अंकित कुमार ने किशन राज को 4-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। सेमीफाइनल में अंकित ने सूरज को 4-0 से मात दी थी, जबकि किशन राज ने हर्ष शर्मा को 4-3 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया था।

महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में अनन्या ने वैष्णवी को 4-0 से हराया, जबकि फाल्गुनी मुखर्जी ने नंदनी को 4-1 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भूतपूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी एवं पटवारी प्रोजेक्ट्स के निदेशक वेदांत पटवारी उपस्थित थे। इस अवसर पर पटना जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव दिलीप कुमार गांधी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह में सचिव दिलीप कुमार गांधी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्य खिलाड़ी पंकज पांडेय, विजय आनंद एवं कुणाल शंकर सहित खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.