पटना, 31 मई। बिहार के रोहतास के पीयूष राज बने एशियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि हांगकांग,चीन में आयोजित 22वीं जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने 4×400 मीटर रिले रेस में 3:05.54 सेकंड के नए मीट रिकॉर्ड के साथ कांस्य पदक जीत लिया है।
आगे श्री शंकरण ने कहा कि भारतीय 4×400 रिले टीम में रोहतास, बिहार के पीयूष राज सहित सैयद सबीर ,रंजीत कुमार और मोहम्मद अशफाक शामिल थे। एशियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारतीय टीम के पीयूष ने पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी बन कर इतिहास रच दिया है। यह ना सिर्फ हम सब के लिए बहुत खुशी और गर्व की बात है बल्कि राज्य के अन्य खिलाडियों के लिए भी बहुत उत्साहवर्धक है। रोहतास की पहाड़ियों से लेकर हांगकांग की सड़कों तक। नंगे पैर चलने से लेकर प्यूमा स्ट्राइप्स तक और बीएसएसए टी-शर्ट से लेकर इंडिया की शान तक। यह सिर्फ़ एक सफ़र नहीं है; यह बदलाव का एक मास्टरक्लास है। सफलता के आपके अगले चैप्टर के लिए खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण तथा समस्त खिलाडियों और खेल प्रेमियों की आपको अशेष शुभकामनाएं।