रांची, 4 अप्रैल। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं कर्नाटक एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में कांतीरवा स्टेडियम में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-1 प्रतियोगिता में झारखंड के गिरिडीह की प्रतिभाशाली धाविका संघमित्रा महथा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक अपने नाम किया।
संघमित्रा ने यह दौड़ 17:16.63 सेकेंड में पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में महाराष्ट्र की प्राची डॉवकर ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि उत्तर प्रदेश की सुनीता देवी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
संघमित्रा के इस बेहतरीन प्रदर्शन से झारखंड एथलेटिक्स को नई पहचान मिली है। उनकी इस उपलब्धि पर राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आरिफ इकराम, झारखंड एथलेटिक्स संघ प्लानिंग कमिटी के चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक, जेएए अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे, आर.पी. गुप्ता, प्रभाकर वर्मा, कोच बिनोद कुमार और प्रभात तिवारी सहित कई पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी।
संघमित्रा महथा की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं।