Wednesday, April 22, 2026
Home IPL IPL 2026 MI VS CSK : निरंतरता बनाए रखने के लिए भिड़ेंगे मुंबई और चेन्नई

IPL 2026 MI VS CSK : निरंतरता बनाए रखने के लिए भिड़ेंगे मुंबई और चेन्नई

दोनों टीमों के बीच मुंबई में मुकाबला 23 अप्रैल को

by Khel Dhaba
0 comment

मुंबई, 22 अप्रैल। आईपीएल 2026 में अपने परफॉरमेंस में वापसी को संघर्षरत दो पूर्व चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम गुरुवार यानी 23 अप्रैल को जब यहां आमने-सामने होंगी तो वे अपने पूर्व कप्तानों रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धौनी की संभावित वापसी पर नजर रखकर अपने खेल में निरंतरता बनाए रखने की कोशिश करेंगी।

रोहित (हैमस्ट्रिंग) और धौनी (पिंडली में खिंचाव) वापसी की राह पर हैं, लेकिन यह देखना बाकी है कि क्या इनमें से कोई भी इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए वानखेड़े स्टेडियम में मैदान पर उतरेगा।

रोहित ने मंगलवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया लेकिन वर्तमान टूर्नामेंट में अभी तक एक भी मैच नहीं खेलने वाले धौनी ने जमकर अभ्यास किया। इससे उनकी इंपैक्ट प्लेयर के रूप में वापसी की संभावना बन गई है। इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की वापसी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है कि अब तक पांच-पांच खिताब जीतने वाली यह दोनों टीम कई समस्याओं से जूझ रही हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स ने प्रत्येक टीम की तरह टूर्नामेंट की शुरुआत फॉर्म और सही संयोजन की तलाश में की लेकिन जैसे ही वे लय में आने लगे उसके युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए जो सीएसके के लिए बड़ा झटका है।

इससे सीएसके को बल्लेबाजी में नए सिरे से रणनीति बनानी पड़ रही है। गुजरात के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल को म्हात्रे की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है। सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों मिली हार के बाद सीएसके अपने सभी बल्लेबाजों से अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद करेगी। पिछले मैच में उसके मध्यक्रम के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे।

सरफराज खान ने अब तक 147 रन बनाए हैं लेकिन वह अभी तक अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए हैं विशेषकर तब जबकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने सिर्फ 82 रन बनाकर निराशाजनक प्रदर्शन किया है। इसी तरह संजू सैमसन (192 रन) पर भी काफी कुछ निर्भर करेगा। उन्होंने इसी मैदान पर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन किया था।

चेन्नई लगातार दो मैचों में हार के सिलसिले को तोड़ने के लिए बेताब होगा। वह मुंबई के खिलाफ हाल के अपनी रिकॉर्ड से प्रेरणा लेने की कोशिश करेगा। उसने इन दोनों टीम के बीच पिछले पांच मुकाबलों में से चार में जीत हासिल की है।

दोनों टीम के अभी चार-चार अंक हैं। मुंबई बेहतर नेट रन रेट के कारण सीएसके से आगे है। अहमदाबाद में तिलक वर्मा के शानदार प्रदर्शन ने मुंबई इंडियंस को लगातार चार मैचों की हार का सिलसिला तोड़ने में मदद की, लेकिन उसके लिए अब भी राह आसान नहीं है।

मुंबई के लिए सबसे बड़ी चिंता भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और इस फ्रेंचाइजी टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या के फॉर्म को लेकर बनी हुई है। सूर्यकुमार अभी तक केवल एक अर्धशतक ही बना पाए हैं जबकि हार्दिक जरूरत पड़ने पर पारी को संभालने या आखिर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे हैं।

टीम ने नमन धीर पर भरोसा जताया है और वह अब तक इस पर खरे उतरे हैं।

जसप्रीत बुमराह आखिरकार पिछले मैच में विकेट लेने में सफल रहे जबकि अश्वनी कुमार के चार विकेट ने टीम की चिंताओं को कम किया क्योंकि ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर और हार्दिक में से कोई भी शुरू में लगातार सफलता नहीं दिला पाए थे। मुंबई इंडियंस के इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स टीम में शामिल हो गए हैं और उनकी वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी।

टीम इस प्रकार हैं:

मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, दानिश मालेवार, शेरफेन रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, तिलक वर्मा, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, एएम गजनफर, कृष भगत, मयंक मारकंडे, मोहम्मद इज़हार, रघु शर्मा।

चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), कार्तिक शर्मा (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), अमन खान, शिवम दुबे, जैक फॉल्क्स, रामकृष्ण घोष, अंशुल कंबोज, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शॉर्ट, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, श्रेयस गोपाल, गुरजापनीत सिंह, मैट हेनरी, अकील हुसैन, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी, नूर अहमद।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights