दुबई। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत के कुलदीप यादव ने आईसीसी वनडे रैंकिंग में सात पायदान की छलांग लगाई है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से बुधवार को जारी रैंकिंग के अनुसार कुलदीप 563 रेटिंग पॉइंट के साथ 25वें पायदान पर पहुंच गए हैं। कुलदीप ने दिल्ली में खेले गये अंतिम वनडे में 18 रन देकर चार विकेट लिये। इसकी बदौलत भारत ने दक्षिण अफ्रीका पर सात विकेट से जीत दर्ज की और शृंखला 2-1 से अपने नाम की।
इसी बीच श्रेयस अय्यर (33 रन), शुभमन गिल (37 रन) और संजू सैमसन (93 रन) ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ वनडे रैकिंग हासिल की है।
सैमसन ने जहां सीरीज के पहले मैच में 86 रन की नाबाद पारी खेली थी, वहीं अय्यर ने दूसरे मैच में शतक जड़ा था। गिल ने तीसरे मैच में 49 रन की पारी खेलकर भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। तीन मैचों की वनडे सीरीज में केवल 25 रन बनाने वाले शिखर धवन छह पायदान गिरकर रैंकिंग में 17वें स्थान पर आ गये हैं।