बेगूसराय, 16 अप्रैल। साहिल गौतम (118 रन), रितेश जायसवाल (63 रन), मोहम्मद अफसर आलम (4 विकेट) और युवराज चौधरी (3 विकेट) के शानदार खेलों की मदद से समस्तीपुर ने श्यामल सिन्हा बीसीए मेंस अंडर-16 वनडे ट्रॉफी के सेंट्रल जोन में शानदार जीत दर्ज की। समस्तीपुर ने सुपौल को 227 रन के भारी अंतर से पराजित किया।
स्थानीय रिफाइनरी ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीत कर पहले बैटिंग करते हुए समस्तीपुर ने 44.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 287 रन बनाये। जवाब में सुपौल की टीम 16.3 ओवर में मात्र 60 रन पर ऑल आउट हो गई। विजेता टीम के साहिल गौतम को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
साहिल का शतक
पहले बल्लेबाजी करते हुए समस्तीपुर की टीम को कप्तान साहिलगौतम ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 118 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 22 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
उनके अलावा रितेश कुमार जायसवाल ने 63 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अंकुश पटेल ने 19 रन का योगदान दिया। मध्यक्रम में अन्य बल्लेबाजों ने छोटे-छोटे योगदान दिए, जिससे टीम 44.1 ओवर में 287 रन तक पहुंच गई। अतिरिक्त 33 रन भी स्कोर में जुड़े।
सुपौल की ओर से अनुपम आनंद और ऋषि कुमार ने 3-3 विकेट लिए, जबकि हाशांगीर आदिल को 2 सफलता मिली।
गेंदबाजों ने किया पूरी तरह सफाया
288 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपौल की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई। कप्तान रजनीश कुमार ने 29 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 16.3 ओवर में सिर्फ 60 रन पर ऑल आउट हो गई।
समस्तीपुर की ओर से मोहम्मद अफशर आलम ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट सिर्फ 1 रन देकर झटके। वहीं युवराज चौधरी ने 3 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
स्कोर बोर्ड
समस्तीपुर : 44.1 ओवर में 287 रन पर ऑल आउट, साहिल गौतम 118, रितेश कुमार जायसवाल 63, अंकुश पटेल 19, भानू प्रताप सिनह 14, युवराज चौधरी 12, अतिरिक्त 33 रन, अनुपम आनंद 3/50, ऋषि कुमार 3/37, हाशांगीर आदिल 2/38, इंजामामुल हक 1/51
सुपौल : 16.3 ओवर में 60 रन पर ऑल आउट,
रजनीश कुमार 29, अतिरिक्त 20 रन, मो. अफशर आलम 4/1, युवराज चौधरी 3/9