पटना, 16 अप्रैल। पश्चिम चंपारण के जूनियर से लेकर सीनियर तक के खिलाड़ी गुरुवार को खेले गए मैचों में पूर्वी चंपारण पर भारी पड़े। अंडर-16 में हराया और मेंस टी20 में मात दी। वेस्टर्न जोन के अंतर्गत खेले गए मुकाबले में पश्चिम चंपारण ने पूर्वी चंपारण को 4 विकेट से हराया।
विक्रम स्थित याशवन स्पोट्र्स ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस पूर्वी चंपारण ने जीता और पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 149 रन बनाये। जवाब में पश्चिम चंपारण की टीम 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 153 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। अंकुर कुमार (20 रन, 3 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पूर्वी चंपारण की बैटिंग
पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्वी चंपारण की टीम की शुरुआत खराब रही, लेकिन मध्यक्रम में गोपी गांधर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 रन की तेज़ पारी खेली। उनके अलावा यूसुफ नदीम ने 31 रन का योगदान दिया, जबकि विकेटकीपर देवा शाह ने नाबाद 25 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 7 विकेट पर 149 रन तक पहुंचाया। अतिरिक्त 9 रन भी स्कोर में जुड़े।
पश्चिमी चंपारण की ओर से अंकुर कुमार ने 3 विकेट लिए, जबकि लोकेश कुमार और आयुष कुमार को 2-2 सफलता मिली।
पश्चिम चंपारण बैटिंग
150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पश्चिमी चंपारण की टीम की शुरुआत ठीक नहीं रही। विकेट गिर रहे थे जिसे राशिद इकबाल और विश्वजीत शुक्ला ने मिल कर संभाला। दोनों ने अच्छी साझेदारी की। और फिर बाद में अंकुर कुमार ने तेज खेल कर टीम को जीत दिला दी।
टीम की ओर से विश्वजीत शुक्ला ने नाबाद 50 रन बनाए, जबकि राशिद इकबाल ने 27 और ओम कुमार सिंह ने 23 रन का योगदान दिया। इसके अलावा अंकुर कुमार ने नाबाद 20 रन बनाये।
स्कोर बोर्ड
पूर्वी चंपारण: 20.0 ओवर में 7 विकेट पर 149 रन, गोपी गांधर 54, यूसुफ नदीम 31, देवा शाह 25,रितिक 11, अतिरिक्त 9 रन, अंकुर कुमार 3/17, लोकेश कुमार 2/28, आयुष कुमार 2/39
पश्चिमी चंपारण: 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 153 रन, विश्वजीत शुक्ला नाबाद 50, राशिद इकबाल 27, ओम कुमार सिंह 23, अंकुर कुमार नाबाद 20,
मणि कांत 2/13, मो. अजाज अंसारी 2/43, राजेश सहानी 1/27