पटना, 16 अप्रैल। बीसीए मेंस टी-20 ट्रॉफी के मिथिला जोन के मुकाबले में दरभंगा ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए शिवहर को सात विकेट से पराजित किया।
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस शिवहर ने जीता और पहले बैटिंग करते हुए 17.3 ओवर में मात्र 88 रन पर ऑल आउट हो गई। दरभंगा ने 13.1 ओवर में 3 विकेट पर 90 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया। अल्तमिश (9 रन, 2 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
शिवहर की पारी 88 पर सिमटी
पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवहर की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कप्तान मनीष कुमार ने 30 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, जबकि अभिषेक कुमार ने 16 और विवेक आनंद ने 17 रन का योगदान दिया।
लेकिन अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और पूरी टीम 17.3 ओवर में 88 रन पर ऑल आउट हो गई।
दरभंगा की ओर से अल्तमिश अली अशरफ, मयंक कुमार और अनुराग सिंह रॉय ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा।
दरभंगा ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य
89 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा की टीम ने शुरुआत में थोड़े विकेट गंवाए, लेकिन इसके बाद भासवान भारद्वाज (नाबाद 31) और सचिन पांडे (नाबाद 22) ने पारी को संभालते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। दरभंगा ने 13.1 ओवर में 3 विकेट पर 90 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। त्रिपुरारी केशव ने 15 रन का योगदान दिया।
स्कोर बोर्ड
शिवहर: 17.3 ओवर में 88 रन पर ऑल आउट,
मनीष कुमार 30, विवेक आनंद 17, अभिषेक कुमार 16, निकेश कुमार 10, अतिरिक्त 4 रन,
अनुराग सिंह रॉय 2/11, अल्तमिश अली अशरफ 2/15, मयंक कुमार 2/15, मणिकांत यादव 1/11, त्रिपुरारी केशव 1/7, अंकित चौधरी 1/16
दरभंगा: 13.1 ओवर में 3 विकेट पर 90 रन,
भासवान भारद्वाज नाबाद 31, सचिन पांडे नाबाद 22, त्रिपुरारी केशव 15, अतिरिक्त 11 रन, मनीष कुमार 1/33, अंकित राज 1/15