नई दिल्ली, 24 मार्च। 22 वर्षीया युवा खिलाड़ी अनुष्का शर्मा को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। अनुष्का शर्मा को पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है, जो उनके कैरियर के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
यह टी20 श्रृंखला 17 अप्रैल से शुरू होगी, जिसके मुकाबले डरबन, जोहांसबर्ग और बेनोनी में खेले जाएंगे। यह सीरीज भारतीय टीम के लिए खास इसलिए भी है क्योंकि इसी साल जून-जुलाई में इंग्लैंड में होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारी के लिहाज से इसे बेहद अहम माना जा रहा है।
अनुष्का शर्मा हाल ही में सुर्खियों में आई थीं, जब उन्हें डब्ल्यूपीएल WPL 2026 से पहले गुजरात जाइंट्स ने 45 लाख रुपए में खरीदा था। इसके अलावा उन्होंने पिछले महीने बैंकांक में पिछले दिनों खेले गए राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत ए टीम का हिस्सा रहते हुए अच्छा प्रदर्शन किया था। अब उन्हें सीनियर टीम में मौका मिलना उनके लगातार अच्छे खेल का परिणाम है।
टीम में कुछ बड़े बदलाव
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीतने वाली टीम के कुछ खिलाड़ियों को इस बार मौका नहीं मिला है। स्नेह राणा, अमनजोत कौर, जी कमलिनी और वैष्णवी शर्मा को टीम से बाहर रखा गया है। वहीं तेज गेंदबाज काशवी गौतम को टीम में शामिल किया गया है जो नई गेंद से टीम को मजबूती देंगी।
अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलन
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम में अनुभव और युवा जोश का अच्छा संतुलन नजर आ रहा है। स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और जेमिमा रॉड्रिग्स जैसे बल्लेबाज टीम की ताकत होंगे, जबकि दीप्ति शर्मा और रेणुका ठाकुर जैसे खिलाड़ी ऑलराउंड प्रदर्शन से अहम भूमिका निभाएंगे।
भारतीय टीम (टी20 सीरीज)
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रीचरणी, श्रेयांका पाटिल, काशवी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री और अनुष्का शर्मा।