चेन्नई, 25 अप्रैल। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाला मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है। एक तरफ चेन्नई सुपर किंग्स अपनी जीत की लय को कायम रखना चाहेगी वहीं दूसरी ओर गुजरात टाइटंस जीत की राह पर लौटने के लिए उतरेगा।
चेन्नई सुपर किंग्स ने सत्र की शुरुआत भले ही धीमी की थी लेकिन अब टीम ने शानदार वापसी करते हुए पिछले चार में से तीन मैच जीत लिए हैं। खास तौर पर मुंबई इंडियंस पर 103 रन की बड़ी जीत ने टीम का मनोबल काफी बढ़ाया है जिसमें संजू सैमसन ने शानदार शतक जड़ कर फॉर्म में वापसी की है।
रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम अब छह अंकों के साथ प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है और आगे किसी तरह की चूक से बचना चाहेगी। हालांकि टीम के मध्यक्रम की बल्लेबाजी को लेकर अभी अभी भी चिंता है, क्योंकि सरफराज खान, शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में सफल नहीं हो पा रहे हैं।
गेंदबाजी विभाग चेन्नई के लिए सबसे बड़ा मजबूत पक्ष रहा है। अंशुल कंबोज 14 विकेट के साथ शानदार फॉर्म में हैं जबकि जेमी ओवरटन, नूर अहमद और अकील हुसैन ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया है।
वहीं दूसरी ओर गुजरात टाइटंस की टीम उम्मीदों के मुताबिक अपना खेल नहीं दिखा पाई है। लगातार दो हार के बाद टीम दबाव में है और उसका नेट रन रेट भी प्रभावित हुआ है। टीम के छह अंक जरूर हैं लेकिन वह अंक तालिका में सातवें स्थान पर खिसक गई है।
गुजरात की सबसे बड़ी समस्या उसका मध्यक्रम है जो अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़े स्कोर खड़ा करने में नाकाम रहा है। आरसीबी के खिलाफ पिछले मैच में भी टीम 230 से ज्यादा का स्कोर बनाने की स्थिति में थी, लेकिन अंतिम ओवरों में रन गति नहीं बढ़ा सकी। टीम की फील्डिंग भी चिंता का विषय बनी हुई है। अहम मौकों पर कैच छूटना टीम को भारी पड़ रहा है।
हालांकि गुजरात के लिए साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर का फॉर्म सकारात्मक संकेत है। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और कागिसो रबाडा मजबूत आक्रमण प्रदान करते हैं, जबकि स्पिन में राशिद खान टीम के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज बने हुए हैं।
दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है, जहां एक ओर सीएसके अपनी जीत की लय जारी रखना चाहेगी, वहीं गुजरात टाइटंस वापसी कर प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूत करना चाहेगी।