पटना, 26 मार्च। बिहार क्रिकेट में चयन प्रक्रिया को लेकर एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल बातचीत में खिलाड़ियों के चयन के बदले पैसों की मांग और ‘सेटिंग’ के जरिए स्टेट कैंप में जगह दिलाने की बात सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि ऑडियो राजधानी पटना से सटे जिला का है।
ऑडियो में एक व्यक्ति खुद को प्रभावशाली बताते हुए खिलाड़ी से कहता सुनाई देता है कि “आजकल बिना पैसे के कोई काम नहीं होता, चाहे नौकरी हो या क्रिकेट।” बातचीत में यह भी दावा किया गया है कि कुछ लोग खिलाड़ियों को स्टेट कैंप में शामिल कराने के लिए 50 से 60 हजार रुपये तक ले रहे हैं।
पैसे लेकर रजिस्ट्रेशन और चयन का आरोप
वायरल बातचीत में “पोर्टल रजिस्ट्रेशन” का जिक्र करते हुए कहा गया है कि जिला स्तर पर आईडी-पासवर्ड के जरिए खिलाड़ियों का पंजीकरण किया जाता है और इस प्रक्रिया में भी पैसों का खेल चलता है। एक जगह यह भी कहा गया कि “कल ही एक खिलाड़ी का रजिस्ट्रेशन पैसे के दम पर करा दिया गया।”

‘घूस के बिना मौका नहीं’ जैसी बातें
ऑडियो में एक कथित अधिकारी का नाम लेते हुए यह भी आरोप लगाया गया कि बिना पैसे दिए खिलाड़ियों को स्टेट कैंप में सक्रिय रूप से नहीं रखा जाता। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
जूनियर खिलाड़ियों को ‘सेट’ करने की बात
बातचीत में यह भी सामने आया कि जूनियर (अंडर-16) खिलाड़ियों को टीम में शामिल कराना अपेक्षाकृत आसान बताया जा रहा है, जबकि अंडर-19 में भीड़ ज्यादा होने की बात कही गई। साथ ही, “अच्छे खिलाड़ी” को पैसे के आधार पर आगे बढ़ाने की पेशकश भी सुनाई देती है।
परिवार से बात कराने का दबाव
ऑडियो में खिलाड़ी पर यह दबाव भी दिखता है कि वह अपने घरवालों से बात करवाए, ताकि आर्थिक लेन-देन तय किया जा सके। हालांकि, बातचीत में यह भी कहा गया कि “बदनामी वाला कोई काम नहीं करना है।”
जांच की मांग तेज
इस ऑडियो के सामने आने के बाद खेल जगत में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। क्रिकेट प्रेमियों और अभिभावकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ अन्याय न हो। खबर है कि संबंधित खिलाड़ी ने इस ऑडियो को जिला के बड़े अधिकारी को दे दी है।