होर्सेंस (डेनमार्क), 2 मई। भारत के स्टार शटलर लक्ष्य सेन दाहिनी कोहनी में सूजन के चलते फ्रांस के खिलाफ अहम मुकाबले में नहीं उतर पाएंगे। यह भारतीय टीम के लिए बहुत बड़ा झटका है।
लक्ष्य ने क्वार्टर फाइनल में शानदार जुझारूपन खेल दिखाते हुए दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी चोउ तेन चेन को कड़े मुकाबले में 18-21, 22-20, 21-17 से हराया था। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस रोमांचक मैच में उन्होंने दो मैच प्वाइंट बचाकर जीत हासिल की, जिससे भारत ने चीनी ताइपे को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। हालांकि इसी मुकाबले के दौरान उनकी कोहनी में चोट लग गई थी।
लक्ष्य के मेंटोर और पूर्व भारतीय कोच विमल कुमार ने बताया कि मैच के दौरान गिरने से उनकी कोहनी में सूजन आ गई है और पैरों में छाले भी हो गए हैं, जिसकी वजह से वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं।
उनकी गैरमौजूदगी में अब युवा आयुष शेट्टी को मौका मिलेगा, जो पहले एकल मुकाबले में फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से भिड़ेंगे। इसके बाद कदाम्बी श्रीकांत की भिड़ंत एलेक्स लैनर से होगी जबकि तीसरे एकल मैच में एचएस प्रणय टोमा जूनियर पोपोव से मुकाबला तय है।
यह भी पढ़ें : IPL 2026 PBKS VS GT : पंजाब किंग्स की वापसी पर नजर
अगर मुकाबला युगल तक पहुंचता है, तो हरिहरन अम्साकारुनन और एमआर अर्जुन की जोड़ी एलोई एडम और लियो रॉसी से भिड़ेगी। फाइनल और फिटनेस मैच में स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सामना पोपोव बंधुओं से होगा।
भारतीय बैडमिंटन संघ के सचिव संजय मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि टीम संतुलित और आत्मविश्वास से भरी है। उन्हें उम्मीद है कि अगर भारत यह मुकाबला जीतता है तो लक्ष्य फाइनल में वापसी कर सकते हैं।
टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार मुकाबले आमतौर पर खिलाड़ियों की रैंकिंग के आधार पर तय होते हैं, जहां शीर्ष रैंक वाले खिलाड़ी आमने-सामने उतरते हैं। फ्रांस के खिलाफ इस टाई में पहले तीनों एकल मैच खेले जाएंगे, उसके बाद जरूरत पड़ने पर दो मुकाबले होंगे।
गौरतलब है कि सेमीफाइनल में पहुंचते ही भारत का मेडल पक्का हो गया है। भारत ने 2022 में पहली बार थॉमस कप खिताब जीता था, जबकि 1952, 1955 और 1979 में टीम कांस्य पदक हासिल कर चुकी है।