Wednesday, August 20, 2025
Home झारखंड 15वीं Hockey India राष्ट्रीय सबजूनियर महिला चैंपियनशिप 3 जुलाई से रांची में

15वीं Hockey India राष्ट्रीय सबजूनियर महिला चैंपियनशिप 3 जुलाई से रांची में

तीन डिवीजन में खेलेंगी 28 टीमें, बिहार ए डिवीजन में खेलेगा

by Khel Dhaba
0 comment

रांची, 2 जुलाई। हॉकी इंडिया के बैनर तले हॉकी झारखंड की मेजबानी में 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 का आयोजन 3 जुलाई से 14 जुलाई तक स्थानीय मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन 03 जुलाई को मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के खेल मंत्री सुद्विप्य कुमार करेंगे।

 

इस साल यह टूर्नामेंट नए डिवीजन आधारित फॉर्मेट में खेला जाएगा जिसे इससे पहले सीनियर पुरुष और महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप में सफलतापूर्वक लागू किया गया था।

इस बार चैंपियनशिप में कुल 28 टीमें भाग लेंगी, जिन्हें तीन डिवीजनों डिवीजन ए, डिवीजन बी और डिवीजन सी में बांटा गया है। इसमें पदोन्नति और अवनति (प्रमोशन और रेलीगेशन) की व्यवस्था भी लागू की गई है, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और अधिक रोमांचक हो गया है।

डिवीजन ए (शीर्ष स्तर की चैंपियनशिप डिवीजन)

इस डिवीजन में देश की शीर्ष 12 टीमें भाग लेंगी, जो खिताब के लिए भिड़ेंगी। दो सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले साल डिवीजन बी में चली जाएंगी। गत चैंपियन हॉकी झारखंड और पिछली उपविजेता हॉकी मध्यप्रदेश खिताब की दावेदार मानी जा रही हैं।

पूल संरचना:
पूल ए: हॉकी झारखंड, हॉकी हरियाणा, हॉकी आंध्र प्रदेश
पूल बी : हॉकी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश हॉकी, हॉकी चंडीगढ़
पूल सी : हॉकी ओडिशा, हॉकी महाराष्ट्र, हॉकी पंजाब
पूल डी : हॉकी मिजोरम, दिल्ली हॉकी, हॉकी बिहार
राउंड-रॉबिन आधार पर सभी टीमें अपने-अपने पूल में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। हर पूल की शीर्ष दो टीमें क्वार्टरफाइनल (11 जुलाई) में पहुंचेंगी, जिसके बाद सेमीफाइनल (12 जुलाई) और फाइनल व तीसरे स्थान का मुकाबला (14 जुलाई) खेला जाएगा।
डिवीजन ए में यदि किसी क्लासिफिकेशन मैच में समय समाप्ति तक स्कोर बराबर रहता है तो एफआईएच टूर्नामेंट नियमों के अनुसार शूट-आउट के ज़रिये परिणाम तय किया जाएगा।

डिवीजन बी (मध्य स्तर का डिवीजन)

इस डिवीजन की टीमें डिवीजन ए में पदोन्नति के लिए मुकाबला करेंगी। नीचे की दो टीमें डिवीजन सी में चली जाएंगी।
पूल ए : हॉकी कर्नाटक, मणिपुर हॉकी, हॉकी उत्तराखंड, केरल हॉकी, दादरा एवं नगर हवेली व दमन और दीव हॉकी
पूल बी : हॉकी गुजरात, छत्तीसगढ़ हॉकी, हॉकी तमिलनाडु, हॉकी बंगाल

डिवीजन सी (प्रवेश स्तर का डिवीजन)

इसमें शामिल टीमें डिवीजन बी में पदोन्नति के लिए खेलेंगी।
पूल ए : हॉकी राजस्थान, पुडुचेरी हॉकी, हॉकी हिमाचल
पूल ए : असम हॉकी, तेलंगाना हॉकी, हॉकी जम्मू कश्मीर, गोवा हॉकी

डिवीजन बी और सी में लीग फॉर्मेट में मुकाबले होंगे, जहां हर डिवीजन की शीर्ष दो टीमें अगले डिवीजन में पदोन्नत होंगी।

सभी डिवीजनों में विजेता को 3 अंक, ड्रॉ पर 1 अंक और हार पर 0 अंक मिलेंगे।

हॉकी इंडिया अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि डिवीजन आधारित फॉर्मेट ने हमारे घरेलू ढांचे में नई प्रतिस्पर्धात्मकता और उद्देश्य जोड़ा है। यह चैंपियनशिप युवा प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें तराशने के लिए एक अहम मंच है। रांची में इसका आयोजन होना बेहद खास है क्योंकि यहां हॉकी की गहरी जड़ें हैं।

हॉकी इंडिया महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि इस नए फॉर्मेट में हर टीम का एक स्पष्ट लक्ष्य है चाहे वह खिताब जीतना हो, पदोन्नति पाना हो या अवनति से बचना। यह हर स्तर पर रोमांच को बनाए रखता है। हम युवा लड़कियों को बेहतर अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और रांची एक और ऐतिहासिक आयोजन के लिए तैयार है।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights