Monday, June 15, 2026
Home Slider टी20 विश्व कप : विंडीज के खिलाफ किसी भी गलती से बचना चाहेगा ऑस्ट्रेलिया

टी20 विश्व कप : विंडीज के खिलाफ किसी भी गलती से बचना चाहेगा ऑस्ट्रेलिया

by Khel Dhaba
0 comment

अबुधाबी। बांग्लादेश को पिछले मैच में रौंदने के बाद ऑस्ट्रेलिया का अभियान पटरी पर लौट आया है और टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित करने के लिये उन्हें शनिवार को यहां होने वाले सुपर 12 चरण के अंतिम मैच में अनिश्चित वेस्टइंडीज के खिलाफ किसी भी गलती से बचना होगा।

पिछले शनिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड से हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को बांग्लादेश पर रिकॉर्ड आठ विकेट से जीत दर्ज कर वापसी की जिससे उसका नेट रन रेट -0.627 से +1.031 पहुंच गया।

आरोन फिंच की टीम के लिए अंतिम चार में स्थान सुनिश्चित करने के लिये यह जीत भी शायद नाकाफी हो सकती है, अगर दक्षिण अफ्रीका की टीम शारजाह में होने वाले ग्रुप एक के एक अन्य मैच में इंग्लैंड को हरा दे जिससे उसका नेट रन रेट ऑस्ट्रेलिया से बेहतर हो जायेगा।

वेस्टइंडीज के खिलाफ हार के बाद भी अगर ऑस्ट्रेलिया भाग्यशाली रहता है तो वह ग्रुप ए में उप विजेता रहकर सेमीफाइनल स्थान सुनिश्चित कर सकता है बशर्ते इंग्लैंड दक्षिण अफ्रीका को हराकर सभी पांचों मैच जीत ले।

इसलिये काफी कुछ इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के नतीजों पर निर्भर करेगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस समय ग्रुप एक तालिका में बेहतर नेट रन रेट की बदौलत दक्षिण अफ्रीका से आगे दूसरे स्थान पर है।

इस अनिश्चित परिदृश्य को देखते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम आत्ममुग्ध होना गंवारा नहीं कर सकती। साथ ही गत चैम्पियन कैरेबियाई टीम भी जीत के साथ टूर्नामेंट का समापन करना चाहेगी।

टीमें इस प्रकार हैं :

ऑस्ट्रेलिया : आरोन फिंच (कप्तान), पैट कमिन्स, एशटन एगर, जोश हेजलवुड, जोश इंगलिस, मिशेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, केन रिचर्डसन, स्टीवन स्मिथ, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड, डेविड वार्नर, एडम ज़म्पा, मिशेल स्वेपसन।

वेस्टइंडीज: कीरोन पोलार्ड (कप्तान), निकोलस पूरण, फैबियन एलेन, ड्वेन ब्रावो, रोस्टन चेज, आंद्रे फ्लेचर, क्रिस गेल, शिमरोन हेटमायर, एविन लुईस, जेसन होल्डर, लेंडल सिमंस, रवि रामपॉल, आंद्रे रसेल, ओशेन थॉमस, हेडन वॉल्श जूनियर।

मैच भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू होगा।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.