Saturday, June 13, 2026
Home Slider रणजी राउंडअप : रेलवे ने मुंबई को 10 विकेट से रौंदा

रणजी राउंडअप : रेलवे ने मुंबई को 10 विकेट से रौंदा

by Khel Dhaba
0 comment

मुंबई। रेलवे ने शुक्रवार को यहां एलीट ग्रुप बी मैच में तीन दिन के अंदर मजबूत घरेलू टीम मुंबई को 10 विकेट से शिकस्त देकर इस रणजी सत्र में अभी तक का सबसे बड़ा उलटफेर किया।

मुंबई को शुरुआती दिन महज 114 रन पर समेटने के बाद रेलवे ने कप्तान कर्ण शर्मा के नाबाद 112 रन की बदौलत पहली पारी के आधार पर 152 रन की अहम बढ़त हासिल की। इसके बाद रेलवे के तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान (60 रन देकर पांच विकेट) ने पांच विकेट चटकाए। मुंबई की टीम वानखेड़े स्टेडियम में दूसरी पारी में 198 रन पर सिमट गई। उसके टेस्ट विशेषज्ञ अजिंक्य रहाणे दूसरी पारी में भी विफल रहे।

दिल्ली ने शुक्रवार को तन्मय अग्रवाल के शतक के बावजूद हैदराबाद को दूसरी पारी में 298 रन पर आउट करके रणजी ट्राफी ग्रुप ए मैच में बड़ी जीत की तरफ कदम बढ़ाए। दिल्ली के पहली पारी के 284 रन के जवाब में हैदराबाद की टीम 69 रन पर सिमट गई थी। उसे फॉलोआन करना पड़ा। दूसरी पारी में कप्तान तन्मय अग्रवाल (103) के शतक और नौवें नंबर के बल्लेबाज मेहदी हसन के उपयोगी योगदान से वह पारी की हार टालने में सफल रहा। उसने दिल्ली के सामने 84 रन का लक्ष्य रखा। दिल्ली ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बिना किसी नुकसान के 24 रन बनाए हैं और अब उसे जीत के लिए केवल 60 रन चाहिए।

सूरत में गुजरात ने केरल को 90 रन से शिकस्त दी। केरल के सामने 268 रन का लक्ष्य था, लेकिन उसकी पूरी टीम 177 रन पर आउट हो गई। केवल संजू सैमसन (78) ही गेंदबाजों का डटकर सामना कर पाए। गुजरात की तरफ से अक्षर पटेल ने चार, चिंतन गजा ने तीन और रस कलारिया ने दो विकेट लिए।

पंजाब ने विदर्भ के खिलाफ नागपुर में अच्छी शुरुआत करके ड्रॉ की तरफ बढ़ रहे मैच में पहली पारी में बढ़त की उम्मीद जगा दी है। विदर्भ की टीम ने गणेश सतीश के 145 रन की मदद से अपनी पहली पारी में 338 रन बनाए। इसके जवाब में पंजाब ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बिना किसी नुकसान के 132 रन बनाये हैं और वह विदर्भ से 206 रन पीछे है। शुभमन गिल (नाबाद 70) ने शानदार पारी खेली जबकि उनके साथ सनवीर सिंह 56 रन बनाकर खेल रहे हैं।

उधर कोलकाता में बंगाल की टीम आंध्र के खिलाफ पहली पारी में बढ़त लेने के करीब पहुंच गया है। बंगाल के 289 रन के जवाब में आंध्र ने सात विकेट पर 110 रन बनाये हैं। बंगाल शनिवार को उसके बाकी तीन विकेट लेकर फालोआन देने की कोशिश करेगा जिसके लिये आंध्र को 30 रन चाहिए।

अब आपके मोबाइल पर एंड्रॉयड फोन ऐप के रुप में खेलढाबा.कॉम आपके और करीब आ गया है तो जल्द डाउनलोड करें और पायें अपडेट खबरें।
https://play.google.com/store/apps/details?id=com.kheldhaba.android

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.