पटना, 14 अप्रैल। स्थानीय अभिषेक क्रिकेट ग्राउंड पर मंगलवार को पटना जिला वीमेंस क्रिकेट लीग का शानदार आगाज हुआ। पहले मैच में उमा इलेवन ने सीएमएस इलेवन को पांच विकेट से हराया। प्रतियोगिता का उद्घाटन सौरभ चक्रवर्ती, नीरज कुमार, शमशाद अली खा और कुमार मृदुल से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
टॉस जीतकर उमा इलेवन ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और सीएमएस इलेवन को बल्लेबाजी का न्योता दिया।
सीएमएस इलेवन की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन मध्यक्रम में याशिता सिंह ने शानदार 71 रन (47 गेंद) और वंदना सिंह ने 28 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। कप्तान शर्मा ने 20 रन जोड़े, जबकि अंत में ऋद्धि कुमारी (नाबाद 25) और सूर्यांशी (नाबाद 22) ने टीम को 25 ओवर में 176/3 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
संतोषी कुमारी का तूफान, उमा इलेवन की जीत
177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उमा इलेवन की शुरुआत खराब रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। लेकिन इसके बाद संतोषी कुमारी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 72 गेंदों पर 134 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 25 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
उन्होंने अकेले दम पर मैच का रुख बदल दिया और टीम को 21.2 ओवर में 180/5 तक पहुंचाकर जीत दिला दी।
गेंदबाजों का प्रदर्शन
सीएमएस इलेवन की ओर से ऋषिका किंजल ने 5 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि सिद्धि कुमारी और अन्य गेंदबाजों ने भी कोशिश की, लेकिन संतोषी की आक्रामक बल्लेबाजी के आगे बेअसर साबित हुए।
संक्षिप्त स्कोर
सीएमएस इलेवन : 176/3 (25 ओवर), याशिता सिंह 71, वंदना सिंह 28, रिद्धि कुमारी नाबाद 25,सूर्यांशी नाबाद 22, सुहानी शर्मा 20, कृतिका कनक 1/32, वैश्नवी सिंह 1/33, साक्षी सिंह 1/34
उमा इलेवन : 180/5 (21.2 ओवर)
संतोषी कुमारी नाबाद 134, शाक्षी सिंह 25, ऋषिका किंजल 2/23, सिद्धि कुमारी 1/30