Saturday, April 18, 2026
Home बिहारअन्य बेगूसराय में नेशनल वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार को गोली

बेगूसराय में नेशनल वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार को गोली

हालत गंभीर, पटना के तारा नर्सिंग होम में भर्ती, पहले भी हो चुका है हमला

by Khel Dhaba
0 comment

बेगूसराय, 30 मार्च। जिले में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए नेशनल वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार (20) को गोली मार दी। बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन पर फायरिंग की, जिसमें उन्हें पीठ में गोली लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर पटना के तारा नर्सिंग होम रेफर किया गया। फिलहाल गोविंद आईसीयू में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।

खेल जगत का उभरता सितारा

गोविंद कुमार ने वर्ष 2025 में आयोजित खेलो इंडिया गेम्स में बिहार वॉलीबॉल टीम की कप्तानी की थी। उनके नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस घटना से खेल जगत में गहरा आक्रोश और चिंता है।

2 साल पहले भी हो चुका है हमला

इस मामले में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है कि करीब 2 साल पहले भी गोविंद पर गोली चलाई गई थी, हालांकि उस समय वे बाल-बाल बच गए थे। अब दोबारा हुए इस हमले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस पुराने मामलों को भी खंगाल रही है।

पुलिस जांच तेज, कारण अब भी स्पष्ट नहीं

घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे के नेतृत्व में नगर थाना और रतनपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल और अस्पताल दोनों जगह जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब इस हमले के पीछे के कारणों—पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या आपराधिक साजिश—की जांच कर रही है। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है।

सरकार और खेल संगठनों की प्रतिक्रिया

इस घटना पर बिहार ओलंपिक संघ ने चिंता जताई है। संघ के अध्यक्ष अजय कुमार ने रतनपुर थाना और अस्पताल प्रबंधन से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया। वहीं, बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने जिला प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गोविंद के परिवार से बात कर सहायता का भरोसा दिलाया और अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा है।

अस्पताल में जुटे परिजन, दहशत का माहौल

घटना की सूचना मिलते ही गोविंद के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights