बर्मिंघम, 8 मार्च। भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन Lakshya Sen का शानदार अभियान प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप All England Open Badminton Championships के फाइनल में थम गया। पुरुष एकल फाइनल में उन्हें लिन चुन यी Lin Chun-yi के हाथों सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा और वह उपविजेता बनकर रह गए।
बर्मिंघम में खेले गए इस मुकाबले में 24 वर्षीय लक्ष्य सेन को 57 मिनट तक चले मुकाबले में 15-21, 20-22 से पराजय झेलनी पड़ी। लक्ष्य दूसरी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे। इससे पहले भी वह एक बार उपविजेता रह चुके हैं।
मैच की शुरुआत में लिन चुन यी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शुरुआती बढ़त बना ली। लक्ष्य शुरुआत में 0-3 से पिछड़ गए और लिन ने दमदार स्मैश के साथ स्कोर 6-2 कर दिया। लक्ष्य ने वापसी की कोशिश करते हुए स्कोर 7-8 तक पहुंचाया, लेकिन लिन ने लगातार बढ़त बनाए रखी और पहला गेम 21-15 से जीत लिया।
दूसरे गेम में लक्ष्य ने बेहतर शुरुआत की और 7-4 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और स्कोर 14-14 पर बराबरी पर आ गया। लक्ष्य ने 18-16 की बढ़त भी बनाई, लेकिन लिन चुन यी ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 18-18 कर दिया और अंत में 22-20 से गेम जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ लिन चुन यी ऑल इंग्लैंड पुरुष एकल खिताब जीतने वाले चीनी ताइपे के पहले खिलाड़ी बन गए।
लक्ष्य सेन ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने फाइनल से पहले दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी Shi Yuqi और छठे नंबर के खिलाड़ी Li Shifeng को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
सेमीफाइनल में कनाडा के विक्टर लाई Victor Lai के खिलाफ 97 मिनट तक चले मुकाबले में उन्हें ऐंठन और पैरों में छालों की समस्या से भी जूझना पड़ा था। फाइनल से पहले तक लक्ष्य टूर्नामेंट में पांच घंटे से अधिक समय कोर्ट पर बिता चुके थे, जिसका असर उनके प्रदर्शन पर भी दिखा।
गौरतलब है कि भारत की ओर से इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का पुरुष एकल खिताब अब तक सिर्फ प्रकाश पादुकोण Prakash Padukone (1980) और पुलेला गोपीचंद Pullela Gopichand (2001) ही जीत सके हैं।