देवघर, 24 मार्च। जेएससीए इंटर डिस्ट्रिक्ट वीमेंस अंडर-23 T20 टूर्नामेंट 2025-26 के तहत देवघर में खेले गए मुकाबलों में एक ओर जहां सरिता सोरेन के लगातार दूसरे शतक की बदौलत देवघर ने पाकुड़ को करारी शिकस्त दी वहीं दूसरे मैच में गिरिडीह ने कोडरमा को हराकर शानदार जीत दर्ज की।
पहला मैच
स्थानीय कमल कांत नरोने स्टेडियम में खेले गए मैच में देवघर के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए निर्धारित 20 ओवर में मात्र एक विकेट के नुकसान पर 229 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसमें सरिता सोरेन ने लगातार दूसरे मैच में दूसरा शतक जड़ते हुए 70 बॉल पर नाबाद 140 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा सोनाली कुमारी ने 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। गेंदबाजी में पाकुड़ की ओर से मनीषा मरांडी ने एकमात्र विकेट हासिल किया।
जवाब में पाकुड़ की टीम 15.4 ओवरों में अपने सभी 10 विकेट खोकर मात्र 54 रन ही बना सकी। टीम की ओर से एकमात्र सृष्टि हंसदा 34 रनों का स्कोर कर सकी शेष बल्लेबाज कोई भी प्रभाव नहीं छोड़ सके। देवघर की ओर से सोनिया कुमारी ने चार ओवर में सात रन दे कर दो विकेट जबकि जयमाला कुमारी ने तीन ओवर में 11 रन देकर दो विकेट हासिल किया। प्लेयर ऑफ़ द मैच देवघर की ऒर से नाबाद शतक लगाने वाली सरिता सोरेन को दिया गया।
दूसरा मैच
गिरिडीह के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट खुलकर 166 रन का स्कोर खड़ा किया है। अंकित चौरसिया ने 77 रन और स्नेहा यदुवंशी ने 43 रनों की पारी खेली। कोडरमा की ओर से सृष्टि, निराली और मानसी ने एक-एक विकेट हासिल किया।
बल्लेबाजी करने के लिए उतरी कोडरमा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में अपने 9 विकेट खोकर 91 रन का स्कोर ही खड़ा कर सकी। जिसमें सृष्टि सिंह ने 26 रन और प्रियंका कुमारी ने 11 रनों का योगदान दिया, शेष बल्लेबाज कुछ विशेष योगदान नहीं दे सके। गिरिडीह की ओर से स्नेहा यदुवंशी ने चार ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट जबकि पूजा, अंकिता, माया, तृप्ति और प्रीति कुमारी ने एक-एक विकेट हासिल किया। प्लेयर ऑफ़ द मैच का पुरस्कार संयुक्त रूप से गिरिडीह महिला अंडर – 23 की अंकिता चौरसिया और स्नेहा यदुवंशी को उनके बेहतरीन परफॉर्मेंस के आधार पर दिया गया।
खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार देने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व रणजी खिलाड़ी सह वर्तमान में जूनियर सिलेक्शन कमेटी के सदस्य संजीव गुप्ता जी के द्वारा दिया गया। इस मौके पर जेएससीए अंपायर अजय पाठक और अमित हजरा, स्कोर ज्ञानरंजन, ऑब्जर्वर बाला शंकर झा के साथ-साथ जिला क्रिकेट संघ के सचिव विजय झा के अलावा अनिल झा, इफ्तिखार शेख, आलोक राजहंस, लाली और राकेश पांडे आदि उपस्थित थे।