रांची, 14 मई। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में अगले महीने शुरू होने वाली झारखंड टी20 क्रिकेट लीग की ट्रॉफी का गुरुवार यानी 14 मई को भव्य समारोह के दौरान किया गया। इस समारोह में झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन भी मौजूद थे। आईपीएल के व्यस्त कार्यक्रम के बीच ईशान किशन विशेष तौर पर इस आयोजन में शामिल होने रांची पहुंचे थे।
झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने ट्रॉफी अनावरण समारोह के दौरान कहा कि झारखंड में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इस लीग को कराने का उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन आईपीएल की तर्ज पर कराया जाएगा, ताकि झारखंड के युवा खिलाड़ियों को प्रोफेशनल क्रिकेट का अनुभव मिल सके।
उन्होंने बताया कि 20 जून से आयोजित होने वाली इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें रांची कैपिटल, जमशेदपुर स्टीलर्स, धनबाद किंग्स, बोकारो बुल्स, दुमका डायमंड और संथाल स्ट्राइकर्स खेलेंगी। 18 से 20 खिलाड़ियों का पूरा दल होगा। टीम का गठन खिलाड़ियों की ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से की जायेगी। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी डोमेस्टिक क्रिकेट खेल चुके हैं, वे ऑक्शन में शामिल हो सकेंगे।
26 मई को होगी खिलाड़ियों की नीलामी
उन्होंने बताया कि 26 मई को खिलाड़ियों की नीलामी आयोजित की जाएगी। इस नीलामी में सभी 6 टीमें अपने पसंदीदा खिलाड़ियों पर बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल करेंगी। टीम के गठन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ-साथ आईपीएल, रणजी ट्रॉफी, अंडर-23, अंडर-19 और स्थानीय युवा टैलेंट का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा।
दो ग्रुप में बांटी जायेंगी टीमें
सभी 6 टीमों को दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप ए में बोकारो पावरहाउसेस, रांची कैपिटल्स और धनबाद कोल किंग्स को शामिल किया गया है। ग्रुप बी में कोल्हान टाइगर्स, जमशेदपुर स्टीलर्स और संथाल स्ट्राइकर्स की टीमें होंगी।
14 दिनों तक रहेगा क्रिकेट का रोमांच
लीग मैचों की शुरुआत 20 जून से होगी। 14 दिनों तक चलने वाली इस लीग में कुल 27 मैच खेले जाएंगे। शेड्यूल के अनुसार पहले दिन 20 जून को रांची कैपिटल्स बनाम बोकारो पावरहाउसेस और जमशेदपुर स्टीलर्स बनाम संथाल स्ट्राइकर्स मुकाबला होगा। मुकाबला 4 बजे दिन से शुरू होंगे।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं बल्कि झारखंड क्रिकेट के भविष्य को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि लीग के जरिए ग्रामीण और छोटे शहरों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का पूरा मौका मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही महिला क्रिकेट लीग कराने की घोषणा की जायेगी। संघ इस प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहा है।
इस मौके पर क्रिकेटर ईशान किशन ने कहा कि बचपन से वे प्रीमियर लीग को देखते आए हैं और उस समय इस तरह के टूर्नामेंट में खेलने की इच्छा होती थी। अब उन्हें इस लीग का हिस्सा बनने का मौका मिल रहा है, जो उनके लिए खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी बहुत प्रतिभाशाली है। उन्हें उचित प्लेटफॉर्म मिलता है तो वे अपना जलवा बिखेर देते हैं।
उन्होंने कहा कि जिंदगी में हर दौर का सामना करना पड़ता है पर मेहनत आौर आत्मविश्वास से कोई भी व्यक्ति वापसी करने में सफल हो जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां खिलाड़ियों ने मुश्किल दौर के बाद बेहतरीन कमबैक किया है।