श्रीलंका में आगामी जून महीने में होने वाली त्रिकोणीय वनडे सीरीज के लिए भारत ए दल में बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी को जगह मिली है। टीम की अगुवाई तिलक वर्मा के पास होगी जबकि रियान पराग को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। इस टीम में प्रियांश आर्या को भी जगह दी गई है। विकेटकीपर के तौर पर दल में प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को शामिल किया गया है।
सूर्यवंशी अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारत की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे और उन्होंने फ़ाइनल में 80 गेंदों पर 175 रनों की पारी भी खेली थी। तेज गेंदबाजीआक्रमण में टीम में यश ठाकुर, युधवीर सिंह, अंशुल कम्बोज और अरशद खान को जगह दी गई है। स्पिन आक्रमण में हर्ष दुबे और विप्रज निगम को शामिल किया गया है। ऑलराउंड विकल्प में सूर्यांश शेडगे और निशांत सिंधु को शामिल किया गया है।
इस त्रिकोणीय सीरीज में श्रीलंका ए के अलावा एक अन्य टीम अफगानिस्तान की होगी। त्रिकोणीय सीरीज के बाद भारत ए श्रीलंका ए के खिलाल दो लाल गेंद मुकाबले भी खेलेगा। सफेद गेंद सीरीज दाम्बुला में खेली जाएगी जबकि बहुदिवसीय मुकाबले गॉल में खेले जाएंगे।
त्रिकोणीय सीरीज का आगााज 9 जून को होगा जबकि इसका फाइनल 21 जून को खेला जाएगा। भारत ए अपना पहला मुक़ाबला 9 जून को ही श्रीलंका ए के खिलाफ खेलेगी।
त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारत ए का दल: तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उपकप्तान), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युधवीर सिंह, अंशुल कम्बोज, अरशद ख़ान