Wednesday, June 10, 2026
Home Slider आईपीएल : राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराया

आईपीएल : राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराया

by Khel Dhaba
0 comment

आबूधाबी। गेंदबाजों की कसी गेंदबाजी और जोस बटलर (नाबाद 70) की शानदार बैटिंग के दम पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सोमवार को खेले गए मैच में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से पराजित किया। कप्तान स्टीव स्मिथ ने नाबाद 26 रन बनाये।

आर्चर की अगुवाई में कसी हुई गेंदबाजी का शानदार नजारा पेश करके राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में सोमवार को यहां पांच विकेट पर 125 रन ही बनाने दिये। जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 17.3 ओवर में तीन विकेट पर 126 रन बना कर मैच जीत लिया।

चेन्नई की तरफ से रविंद्र जडेजा (30 गेंदों पर 35) और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (28 गेंदों पर 28) ही कुछ योगदान दे पाये। आर्चर ने 20 रन देकर एक विकेट लिया जबकि स्टीव स्मिथ ने पहले 15 ओवर में ही अपने स्पिनरों का कोटा खत्म करवा दिया था। श्रेयस गोपाल (14 रन देकर एक) और राहुल तेवतिया (18 रन देकर एक) ने मिलाकर आठ ओवर में 32 रन देकर दो विकेट लिये और चेन्नई के बल्लेबाजों को दबाव में रखा।

आईपीएल में 200 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने धोनी का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला एकबारगी उल्टा दांव चलने जैसा लगा क्योंकि 10 ओवर तक स्कोर तक चार विकेट पर 56 रन। अब तक टीम की तरफ से रन बनाने वाले प्रमुख बल्लेबाज शेन वाटसन और फाफ डुप्लेसिस के अलावा सैम कुरेन और अंबाती रायुडु भी पवेलियन में विराजमान थे।

रॉयल्स के गेंदबाजों की तारीफ करनी होगी कि उन्होंने परिस्थितियों का फायदा उठाकर चेन्नई के बल्लेबाजों को शुरू से दबाव में रखा। पिच धीमी थी लेकिन उससे असमान उछाल भी मिल रही थी जिससे बल्लेबाज सामंजस्य नहीं बिठा पाये। जोस बटलर ने डुप्लेसिस (10) का खूबसूरत कैच लिया लेकिन बेन स्टोक्स पर लगाये गये एक छक्के को छोड़कर कुरेन (22) आत्मविश्वास में नहीं दिखे। वाटसन (आठ) और रायुडु (13) ने आसान कैच दिये।

धोनी और जडेजा अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाये। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिये 51 रन जोड़े लेकिन इसके लिये 46 गेंदें खेली। चेन्नई के पास विकेट बचे हुए थे, इसके बावजूद उसने आखिरी पांच ओवरों में केवल 36 रन बनाये। चेन्नई की पूरी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगा। इनमें से चार चौके जडेजा ने लगाये।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.