Friday, April 17, 2026
Home IPL IPL 2026 : केकेआर पहली जीत के लिए बेताब

IPL 2026 : केकेआर पहली जीत के लिए बेताब

घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगा गुजरात

by Khel Dhaba
0 comment

अहमदाबाद, 16 अप्रैल। लगातार खराब प्रदर्शन के कारण दबाव में चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शानदार फॉर्म में चल रही गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपनी लय में लौटकर पहली जीत हासिल करने की कोशिश करेगी।

केकेआर की रणनीति अबतक साफ नहीं

कप्तान अजिंक्य रहाणे और कोच अभिषेक नायर के नेतृत्व में केकेआर की स्पष्ट रणनीति नजर नहीं आ रही है। उसे अब तक पांच मैच में से चार मैच में हार का सामना करना पड़ा है। हर्षित राणा और आकाश दीप के चोटिल होने तथा भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर किए जाने के बाद टूर्नामेंट से पहले उसकी गेंदबाजी काफी कमजोर हो गई थी।

सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती का फॉर्म चिंता का विषय

उसके लिए हालांकि सबसे बड़ी चिंता सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिन गेंदबाजों की खराब फॉर्म है। चक्रवर्ती इस टूर्नामेंट में अभी तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं। केकेआर की समस्याएं मैदान के अंदर और बाहर के कुछ फैसलों के कारण बढ़ गई हैं।

सीफर्ट और रचिन रवींद्र को बाहर बैठाने पर सवाल

टिम सीफर्ट और रचिन रविंद्र जैसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखने पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि टॉस जीतने के बाद उनके फैसले भी समझ से परे हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश के कारण रद्द कर दिए गए मैच में रहाणे ने बल्लेबाजी का फैसला करके सभी को चौंका दिया जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने ऐसी पिच पर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जो गेंदबाजों के अनुकूल थी।

कैमरन ग्रीन भी छाप छोड़ने में असफल

मुंबई इंडियंस के खिलाफ वह 220 रन के स्कोर का बचाव नहीं कर सकी जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों 65 रन की हार ने उसकी समस्याएं और बढ़ा दी। इस तरह से केकेआर दिशाहीन टीम नजर आ रही है। अभी तक सारा ध्यान कैमरन ग्रीन पर रहा है जिन्हें आंद्रे रसेल की जगह भरने के लिए रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था।

ऑस्ट्रेलिया का यह ऑलराउंडर उस कीमत को सही ठहराने के लिए संघर्ष कर रहा है लेकिन वह पांच पारियों में केवल 56 रन ही बना पाए हैं और गेंदबाजी में भी खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।

भारतीय बल्लेबाजों को मौका नहीं देना समझ से परे

केकेआर के बल्लेबाजी क्रम में भी स्पष्टता नजर नहीं आती। पिछले मैच में सुनील नारायण को पारी की शुरुआत करने के लिए भेजा गया जबकि रहाणे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे लेकिन यह दोनों ही बदलाव कारगर साबित नहीं हुए।

मनीष पांडे, राहुल त्रिपाठी और सार्थक रंजन जैसे भारतीय बल्लेबाजों को अभी तक मौका नहीं मिला है। केकेआर को जीत हासिल करने के लिए अपनी रणनीति को बदलना होगा और तीनों विभाग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

घर में गुजरात की टीम रही है फेल

गुजरात टाइटन्स की टीम भी अभी तक अपने घरेलू मैदान पर जीत हासिल नहीं कर पाई है। उसे अभी तक यहां खेले गए एकमात्र मैच में राजस्थान रॉयल्स से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इसके बाद उसने विरोधी टीम के मैदानों पर दो जीत हासिल की।

उसकी गेंदबाजी मजबूत नजर आ रही है जिसमें प्रसिद्ध कृष्णा अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और राशिद खान ने अपनी लय वापस हासिल कर ली है। शुभमन गिल और जोस बटलर जैसे बल्लेबाजों के फॉर्म में आने से गुजरात टाइटंस मजबूत नजर आ रही है।

टीम इस प्रकार हैं:

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, अरशद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, आर साई किशोर, इशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, एम शाहरुख खान, जयंत यादव, कुलवंत खेजरोलिया।

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजरबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, फिन एलन, दक्ष कामरा, कार्तिक त्यागी, सार्थक रंजन, सौरभ दुबे।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights